सजा सुनते ही पोक्सो एक्ट का आरोपी कोर्ट से फरार, पुलिस तलाश में जुटी

पोक्सो कोर्ट द्वारा जैसे ही आरोपी को सजा सुनाए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई, उसी दौरान वह अपने वकील के चेम्बर से अचानक गायब हो गया।

सजा सुनते ही पोक्सो एक्ट का आरोपी कोर्ट से फरार, पुलिस तलाश में जुटी
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

अलीगढ़ से अजय कुमार की रिपोर्ट —

अलीगढ़/जनमत न्यूज। जनपद अलीगढ़ में पोक्सो एक्ट से जुड़े एक गंभीर मामले में उस समय हड़कंप मच गया, जब आरोपी अदालत में सजा सुनाए जाने से पहले ही फरार हो गया। जानकारी के अनुसार पोक्सो कोर्ट द्वारा जैसे ही आरोपी को सजा सुनाए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई, उसी दौरान वह अपने वकील के चेम्बर से अचानक गायब हो गया।

बताया गया है कि आरोपी जमानत पर रिहा था और सजा के लिए अदालत में पेश होने आया था। जैसे ही उसे सजा सुनाए जाने की भनक लगी, उसने मौका पाकर फरार होने की योजना को अंजाम दे दिया। घटना के बाद अदालत परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

फरार आरोपी जवां थाना क्षेत्र से संबंधित बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

न्यायालय परिसर से आरोपी के फरार होने की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों द्वारा पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।