प्रतापगढ़: विवेचना में लापरवाही पर महिला थाना प्रभारी निलंबित, उच्चाधिकारियों को प्राप्त हुई थीं शिकायतें
उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने एक मामले की विवेचना में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर महिला थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया है।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने एक मामले की विवेचना में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर महिला थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया है। विभागीय कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में इस फैसले की चर्चा है।
जानकारी के अनुसार एक मुकदमे की विवेचना लंबे समय से लंबित थी और उसमें अपेक्षित प्रगति नहीं हो रही थी। मामले की समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि विवेचना में लगातार लापरवाही बरती जा रही थी, जिसके चलते जांच प्रभावित हो रही थी। इस संबंध में उच्चाधिकारियों को भी शिकायतें प्राप्त हुई थीं।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अभिलेखों और जांच की स्थिति का परीक्षण कराया। जांच में प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर महिला थाना प्रभारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
आईपीएस एवं क्षेत्राधिकारी नगर प्रशांत राज हुड्डा ने बताया कि संबंधित मुकदमे की विवेचना में आवश्यक गंभीरता नहीं बरती जा रही थी। समयबद्ध और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए विभागीय स्तर पर कार्रवाई की गई है।
उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में कार्यों में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी और जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी विवेचकों को मामलों की जांच निर्धारित नियमों और समय-सीमा के अनुसार पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पीड़ित पक्ष को समय पर न्याय मिल सके और कानून व्यवस्था पर जनता का भरोसा बना रहे।


