प्रतापगढ़: 26 साल पुराने चोरी के मामले में वारंटी गिरफ्तार, चाय की दुकान से पकड़ा गया
उप्र के प्रतापगढ़ जनपद की बाघराय पुलिस ने न्यायालय से जारी गिरफ्तारी अधिपत्र के अनुपालन में 26 साल पुराने चोरी के मामले में एक वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद की बाघराय पुलिस ने न्यायालय से जारी गिरफ्तारी अधिपत्र के अनुपालन में 26 साल पुराने चोरी के मामले में एक वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को बाघराय कस्बे स्थित एक चाय की दुकान से मुखबिर की सूचना पर पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में वांछित और वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बाघराय पुलिस वारंटी अभियुक्तों की तलाश में जुटी थी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भीमराज सिंह उर्फ भीम सिंह (65) पुत्र शीतला बक्स सिंह, निवासी ग्राम लखनपुर, थाना नवाबगंज, जनपद प्रयागराज को बाघराय कस्बे की चाय की दुकान से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ मु.अ.सं. 474/1996, धारा 379 भादवि (चोरी) के मामले में न्यायालय द्वारा गिरफ्तारी अधिपत्र जारी किया गया था।
पुलिस ने वारंटी को न्यायालय के आदेश से अवगत कराते हुए हिरासत में लिया और आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जय सुशील मिश्रा, थाना बाघराय, जनपद प्रतापगढ़ शामिल रहे।




