सीतापुर: घर में सो रहे पिता-पुत्र को अज्ञात हमलावरों ने मारी गोली, हालत गंभीर
उप्र के सीतापुर जनपद के सदरपुर थाना क्षेत्र के तुर्नी गांव में रविवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां अज्ञात हमलावरों ने घर में सो रहे पिता-पुत्र को गोली मार दी।
सीतापुर से अनूप पाण्डेय की रिपोर्ट
सीतापुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सीतापुर जनपद के सदरपुर थाना क्षेत्र के तुर्नी गांव में रविवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां अज्ञात हमलावरों ने घर में सो रहे पिता-पुत्र को गोली मार दी। दोनों घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें जिला अस्पताल सीतापुर में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सुनील कुमार मौर्या (30) पुत्र श्यामलाल मौर्या अपने 3 वर्षीय पुत्र अभय के साथ कमरे में चारपाई पर सो रहे थे। पास ही उनके ससुर रामलखन निवासी बिलौली बाजार तख्त पर लेटे हुए थे।
इसी दौरान रात करीब 3:00 बजे पूरब दिशा की खिड़की से अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी। गोली सुनील कुमार को लगी, जबकि मासूम अभय के पैर में गोली लग गई।
घटना के संबंध में सुनील के भाई किशोरी लाल ने बताया कि वारदात से पहले घर की बिजली काट दी गई थी। सुबह जांच करने पर पांडे बाबा मंदिर के पास केबल कटा हुआ मिला, जिससे साजिश की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही सदरपुर थाना अध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया। वहीं, फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू कर दी है।

Janmat News 
