प्रतापगढ़: नवजात की मौत पर नर्सिंग होम में हंगामा, परिजनों ने लापरवाही और मारपीट का लगाया आरोप
उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित हिंद नर्सिंग होम में नवजात बच्चे की मौत के बाद रविवार सुबह परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल कर्मियों पर लापरवाही और मारपीट का आरोप लगाया है।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित हिंद नर्सिंग होम में नवजात बच्चे की मौत के बाद रविवार सुबह परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल कर्मियों पर लापरवाही और मारपीट का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
नगर क्षेत्र निवासी नीरज गुप्ता अपनी पत्नी ममता गुप्ता को शनिवार देर शाम हिंद नर्सिंग होम लाए थे। परिजनों के अनुसार, डॉक्टर ने जांच के बाद डिलीवरी का समय पूरा होने की बात कहकर महिला को तुरंत भर्ती कर लिया था। रात भर अस्पताल में इलाज चला।
रविवार सुबह डिलीवरी के बाद नवजात बच्चे की मौत हो गई। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। उनका आरोप है कि अस्पताल प्रशासन ने बच्चे की हालत के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी और डॉक्टर भी मौके पर मौजूद नहीं थे।
घटना से नाराज परिजन जब अस्पताल में वीडियो बनाने लगे, तो कर्मियों ने इसका विरोध किया। परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की, जिसमें दो लोग घायल हो गए। मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों से जानकारी ली। पुलिस ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद क्षेत्र में निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

Janmat News 
