अलीगढ़ के सराय हकीम बाजार में दो गुटों में ताबड़तोड़ फायरिंग, दो युवक घायल
यह विवाद भाजपा से जुड़े दो गुटों—हर्षद हिंदू और शशांक पंडित—के समर्थकों के बीच हुआ। दोनों पक्षों के बीच वर्चस्व और पैसों के लेनदेन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
Join our subscribers list to get the latest news, updates and special offers directly in your inbox
अलीगढ़ से अजय कुमार की रिपोर्ट —
अलीगढ़/जनमत न्यूज। अलीगढ़ जनपद के थाना बन्नादेवी क्षेत्र स्थित सराय हकीम बाजार में गुरुवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दो गुटों के बीच वर्चस्व और पैसों के लेनदेन को लेकर ताबड़तोड़ फायरिंग हो गई। घटना में दो युवकों को गोली लगने से बाजार में भगदड़ मच गई और इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही Uttar Pradesh Police के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। नगर पुलिस अधीक्षक सहित कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने गोली लगने से घायल दो युवकों—सोहेब और आयुष शर्मा—को तत्काल उपचार के लिए जिला मलखान सिंह अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। फिलहाल दोनों घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहर के व्यस्ततम सराय हकीम बाजार में गुरुवार रात करीब नौ बजे काफी भीड़ थी और लोग खरीदारी में व्यस्त थे। इसी दौरान सराय हकीम चौराहे के पास अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट सुनाई दी। फायरिंग की आवाज सुनते ही बाजार में मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जिससे मौके पर भगदड़ की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि दोनों गुटों की ओर से लगभग 10 से 15 राउंड फायरिंग की गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह विवाद भाजपा से जुड़े दो गुटों—हर्षद हिंदू और शशांक पंडित—के समर्थकों के बीच हुआ। दोनों पक्षों के बीच वर्चस्व और पैसों के लेनदेन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जाता है कि हर्षद हिंदू और गूलर रोड निवासी मोहित शर्मा पहले एक साथ काम करते थे, लेकिन पैसों के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच मतभेद हो गया और बाद में मोहित की नजदीकी शशांक पंडित से हो गई।
सूत्रों के अनुसार दो दिन पहले भी हर्षद और मोहित के बीच इसी विवाद को लेकर कहासुनी हुई थी। गुरुवार शाम महावीरगंज क्षेत्र में छतारी वाले कुएं के पास दोनों के बीच मारपीट भी हुई थी। मारपीट के बाद मोहित ने भाजयुमो से जुड़े शशांक पंडित को फोन कर दिया। इसके बाद रात करीब नौ बजे सराय हकीम चौराहे पर दोनों गुट आमने-सामने आ गए और विवाद अचानक फायरिंग में बदल गया।
फायरिंग की इस घटना में हर्षद हिंदू गुट से सोहेब, जो कि एक हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है, तथा दूसरे पक्ष से जयगंज निवासी आयुष शर्मा घायल हो गए। एक युवक के पैर में जबकि दूसरे के पेट के पास गोली लगी है।
मामले को लेकर नगर पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि थाना बन्नादेवी पुलिस को दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान फायरिंग की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया दो लोगों को गोली लगने की पुष्टि हुई है और दोनों का इलाज जारी है।
एसपी सिटी ने कहा कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थल से तकनीकी साक्ष्य और अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं तथा दोनों पक्षों के लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Total Vote: 2
Yes
Total Vote: 10
Kolkata Knight Riders
This website uses cookies to enhance your browsing experience. By continuing to use this site, you consent to the use of cookies. Please review our Privacy Policy for more information on how we handle your data.