एसडीएम कोर्ट में वकीलों का हंगामा, दरवाजे की कुंडी तोड़ी; हड़ताल पर बैठे अधिवक्ता

प्रदर्शन कर रहे वकीलों ने एसडीएम अतुल कुमार पर भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के आरोप लगाते हुए हड़ताल का ऐलान कर दिया।

एसडीएम कोर्ट में वकीलों का हंगामा, दरवाजे की कुंडी तोड़ी; हड़ताल पर बैठे अधिवक्ता
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

फर्रुखाबाद से वरूण दूबे की रिपोर्ट —

फर्रुखाबाद/जनमत न्यूज। जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज तहसील परिसर स्थित एसडीएम कोर्ट में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब वकीलों ने एसडीएम की कार्यशैली के विरोध में प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित अधिवक्ताओं ने कोर्ट कक्ष के दरवाजे की कुंडी तोड़ दी और जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन कर रहे वकीलों ने एसडीएम अतुल कुमार पर भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के आरोप लगाते हुए हड़ताल का ऐलान कर दिया। वकीलों का कहना है कि एसडीएम की कार्यप्रणाली से वे लंबे समय से असंतुष्ट हैं, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई सुनवाई नहीं हो रही थी।

हंगामे के दौरान कुछ अभिलेखों के बिखरने की भी बात सामने आई है, जिसको लेकर कोर्ट स्टाफ ने आपत्ति जताई। एसडीएम कोर्ट के बाबू की ओर से तीन नामजद वकीलों सहित करीब 10 अधिवक्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।

घटना के बाद तहसील परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।