राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के मथुरा दौरे की तैयारियां तेज, डीजीपी और एसीएस ने परखी सुरक्षा व्यवस्था

राष्ट्रपति वृंदावन में श्रीबांकेबिहारी मंदिर और निधिवन के दर्शन के बाद मथुरा पहुंचेंगी। यहां वह श्रीकृष्ण जन्मभूमि के साथ कुब्जा श्रीकृष्ण मंदिर में भी दर्शन करेंगी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के मथुरा दौरे की तैयारियां तेज, डीजीपी और एसीएस ने परखी सुरक्षा व्यवस्था
REPORTED BY - JAHID, PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

मथुरा/जनमत न्यूज। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का मथुरा दौरा 25 सितंबर को प्रस्तावित है। उनके आगमन को लेकर प्रशासनिक और पुलिस मशीनरी पूरी तरह सक्रिय हो गई है। मंगलवार को प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण और अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार मथुरा पहुंचे और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।

अधिकारियों ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि और अंतापाड़ा स्थित कुब्जा श्रीकृष्ण मंदिर का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। इसके अलावा उन्होंने वृंदावन स्थित श्रीबांकेबिहारी मंदिर और निधिवन क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी बारीकी से नजर डाली। शाम को कलेक्ट्रेट सभागार में दोनों अधिकारियों ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बताया जा रहा है कि राष्ट्रपति वृंदावन में श्रीबांकेबिहारी मंदिर और निधिवन के दर्शन के बाद मथुरा पहुंचेंगी। यहां वह श्रीकृष्ण जन्मभूमि के साथ कुब्जा श्रीकृष्ण मंदिर में भी दर्शन करेंगी। खास बात यह है कि उपेक्षित पड़े कुब्जा मंदिर में राष्ट्रपति के आगमन को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इस मार्ग को लेकर सुरक्षा एजेंसियां विशेष सतर्कता बरत रही हैं और रूट को लेकर अंतिम निर्णय अभी बाकी है।

सुरक्षा के साथ-साथ सफाई और सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि राष्ट्रपति का दौरा ऐतिहासिक और यादगार बन सके।