राज ठाकरे ने उद्धव को दिया झटका, कल्याण-डोंबिवली में एकनाथ शिंदे को समर्थन
कल्याण-डोंबिवली नगर निगम (KDMC) में निकाय चुनाव के बाद एक अहम राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है।
मुंबई/जनमत न्यूज़। कल्याण-डोंबिवली नगर निगम (KDMC) में निकाय चुनाव के बाद एक अहम राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। आमतौर पर एक-दूसरे के विरोधी माने जाने वाले दल महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने इस बार एकनाथ शिंदे की शिवसेना को समर्थन देने का फैसला किया है। यह फैसला नगर निगम में सत्ता गठन को लेकर बेहद अहम माना जा रहा है।
MNS के पूर्व विधायक प्रमोद राजू पाटिल ने पार्टी के पांचों नगरसेवकों की ओर से शिवसेना को समर्थन देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह निर्णय शहर के विकास को ध्यान में रखत हुए लिया गया है। इससे पहले शिवसेना के सभी 53 नगरसेवक नवी मुंबई में स्थित कोंकण संभागीय आयुक्त कार्यालय पहुंच, जहां उन्होंने अपने गुट का औपचारिक पंजीकरण कराया।
MNS के 5 नगरसेवकों का शिवसेना को समर्थन
इस दौरान MNS के पांच नगरसेवकों ने भी वहीं अपनी प्रक्रिया पूरी कर शिवसेना को समर्थन देने की घोषणा की। हाल ही में हुए 122 सदस्यीय केडीएमसी चुनाव में शिवसेना सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। शिवसेना के 53 नगरसेवकों और एमएनएस के पांच नगरसेवकों के समर्थन से यह संख्या अब 58 पहुंच गई है।
सूत्रों के मुताबिक, उद्धव ठाकरे गुट के 11 में से कुछ नगरसेवक भी शिंदे गुट की शिवसेना के संपर्क में बताए जा रहे हैं। कल्याण लोकसभा सांसद श्रीकांत शिंदे ने इस घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए कहा कि MNS ने शहर के विकास को ध्यान में रखते हुए शिवसेना को समर्थन दिया है।
भाजपा का ढाई-ढाई साल के मेयर वाला फॉर्मूला
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शिवसेना और भाजपा ने महायुति के तहत नगर निगम चुनाव एक साथ लड़े थे। श्रीकांत शिंदे ने कहा कि केडीएमसी का मेयर महायुति से ही बनेगा। हालांकि मेयर पद को लेकर अंतिम फैसला उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण मिलकर लेंगे।
भाजपा की ओर से मेयर पद के लिए ढाई-ढाई साल के कार्यकाल की मांग के बीच राजनीतिक जानकारों का मानना है कि शिवसेवा अपने दम कर सरकार बनाने या गठबंधन में अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर रही है। आने वाले दिनों में केडीएमसी की सत्ता की तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है।

Janmat News 
