अमेरिका हमें धमका नहीं सकता, भारत भी लगा दे 50% टैरिफ": ट्रंप पर भड़के शशि थरूर

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने डोनाल्ड ट्रंप के भारत पर 50% टैरिफ लगाने के फैसले को अनुचित बताया। उन्होंने कहा कि भारत को भी अमेरिका पर उतना ही टैरिफ लगाना चाहिए। जानिए पूरा विवाद।

अमेरिका हमें धमका नहीं सकता, भारत भी लगा दे 50% टैरिफ": ट्रंप पर भड़के शशि थरूर
Published By- A.K. Mishra

नई दिल्ली/जनमत न्यूज़:- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत से आयातित वस्तुओं पर अतिरिक्त 25% टैरिफ लगाने के फैसले पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे अनुचित, पक्षपातपूर्ण और भारत-अमेरिका संबंधों के लिए नुकसानदायक बताया है। थरूर ने दो टूक कहा कि यदि अमेरिका भारत पर आर्थिक दबाव बनाता है, तो भारत को भी अमेरिका की वस्तुओं पर 50% टैरिफ लगाना चाहिए।

गुरुवार को मीडिया से बातचीत में थरूर ने कहा,“अमेरिका हमें धमकाकर कुछ नहीं कर सकता। हम अमेरिकी उत्पादों पर अभी औसतन 17% शुल्क लगाते हैं। अगर अमेरिका 50% तक टैरिफ बढ़ा सकता है, तो भारत भी वही कर सकता है। अगर अमेरिका को रिश्ता नहीं चाहिए, तो भारत को भी ज़रूरत नहीं।”

थरूर ने अमेरिका के फैसले की आर्थिक व्यवहार्यता पर सवाल उठाते हुए कहा,“हमारा अमेरिका से 90 अरब डॉलर का व्यापार है। अगर हर चीज़ 50% महंगी हो गई, तो वहां के खरीदार खुद सोचेंगे कि भारतीय उत्पाद क्यों खरीदें?”

थरूर ने अमेरिका की नीति को 'दोहरे मापदंड' वाला करार देते हुए कहा कि “चीन भारत से कहीं ज्यादा मात्रा में रूस से तेल और अन्य सामग्रियां खरीदता है, लेकिन उसे अमेरिका द्वारा 90 दिन की छूट दी गई है। जब चीन को राहत मिल सकती है, तो भारत को क्यों निशाना बनाया जा रहा है?” उन्होंने कहा कि यह मित्र राष्ट्रों के बीच दोस्ताना संबंध नहीं, बल्कि दबाव की राजनीति है।

 आपको बतादें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 6 अगस्त 2025 को एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए, जिसके तहत भारत से आने वाले उत्पादों पर 25% अतिरिक्त टैरिफ लगाया गया है। इससे पहले भी 25% शुल्क लगाया गया था। अब कुल टैरिफ 50% तक पहुंच गया है। इस कदम को भारत के रूस से तेल आयात को लेकर उठाया गया बताया गया है।