“हमसे दो गलतियां हुईं…” ममता से मुलाकात के बाद क्यों बोले अखिलेश यादव, जानें पूरा मामला
कोलकाता में ममता बनर्जी से मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने कहा- “हमसे दो गलतियां हुईं, बीजेपी को और अयोध्या में हरा दिया।” जानें पूरा राजनीतिक बयान और इसके मायने।
पश्चिम बंगाल/जनमत न्यूज़: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों के बाद समाजवादी पार्टी प्रमुख Akhilesh Yadav गुरुवार को कोलकाता पहुंचे, जहां उन्होंने Mamata Banerjee से मुलाकात की। इस दौरान Abhishek Banerjee भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान अखिलेश यादव ने ममता बनर्जी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और कहा, “दीदी, आप लड़ी हैं, आप हारी नहीं हैं।” दोनों नेताओं की यह मुलाकात राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है।
“हमसे दो गलतियां हुईं…”
मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में जब अखिलेश यादव से पूछा गया कि क्या अब वह भाजपा के निशाने पर हैं, खासकर 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए, तो उन्होंने जवाब में कहा: “हमसे दो गलतियां हुईं। एक तो बीजेपी को हरा दिया और दूसरी अयोध्या में हरा दिया। हम तो टारगेट पर होंगे ही। हम तो बहुतों के टारगेट पर हैं।”
अखिलेश के इस बयान को राजनीतिक संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि उन्होंने लोकसभा चुनाव में भाजपा को हुए नुकसान और अयोध्या सीट के नतीजों का जिक्र करते हुए यह टिप्पणी की।
सपा और I-PAC का मुद्दा भी उठा
मीडिया बातचीत के दौरान चुनावी रणनीतिकार संस्था I-PAC का मुद्दा भी सामने आया। बंगाल चुनाव से पहले टीएमसी के चुनाव प्रचार और रणनीति की जिम्मेदारी I-PAC संभाल रही थी, जिसके दफ्तरों पर हाल ही में छापेमारी हुई थी।
इसी संदर्भ में अखिलेश यादव से सवाल पूछा गया। गौरतलब है कि कुछ समय पहले समाजवादी पार्टी ने भी फंड की कमी का हवाला देते हुए I-PAC से अपना करार समाप्त कर दिया था।
भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
अखिलेश यादव ने भाजपा पर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बंगाल चुनाव में केंद्रीय एजेंसियों, केंद्रीय बलों और प्रशासनिक मशीनरी का इस्तेमाल किया गया।
उन्होंने कहा कि: “पूरा चुनाव उन्होंने अपने हिसाब से चलाया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि चुनाव हराना है। यूपी चुनाव में हमने कभी नहीं देखा कि डीजीपी या चीफ सेक्रेटरी हटाए जाएं, लेकिन बंगाल में पूरा ढांचा बदल दिया गया।”
उन्होंने यह भी दावा किया कि चुनाव ड्यूटी में लगे केंद्रीय बलों को असामान्य रूप से लंबी छुट्टियां दी गईं।
चुनाव बाद हिंसा पर भी बोले अखिलेश
बंगाल में चुनाव परिणामों के बाद हुई हिंसा को लेकर भी अखिलेश यादव ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि राजनीतिक कार्यकर्ताओं और पार्टी कार्यालयों के साथ जिस तरह का व्यवहार हो रहा है, वह लोकतंत्र के लिए सही नहीं है।
उन्होंने कहा कि:“हम सरकार में आए और गए, लेकिन कभी ऐसा व्यवहार नहीं देखा। चाहे अभिषेक हों या दीदी, उन्हें सुरक्षा का खतरा है। आखिर हिंसा करने वालों को ताकत कौन दे रहा है?”
INDIA गठबंधन में बढ़ी हलचल
बंगाल चुनाव में टीएमसी की हार के बाद अखिलेश यादव ऐसे पहले बड़े INDIA गठबंधन नेता बने हैं, जिन्होंने ममता बनर्जी से मुलाकात की। इससे पहले दोनों नेताओं की मुलाकात इसी साल जनवरी में हुई थी।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सपा और टीएमसी के बीच बढ़ती नजदीकियां विपक्षी राजनीति में नए समीकरणों का संकेत दे सकती हैं।


