सहारनपुर: प्रॉपर्टी विवाद में ससुर से मारपीट, इलाज के दौरान मौत; पुलिस हिरासत में आरोपी
उप्र के सहारनपुर जनपद के थाना मंडी क्षेत्र के खाता खेड़ी में प्रॉपर्टी विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान इरशाद के रूप में हुई है।
सहारनपुर से अनिल वर्मा की रिपोर्ट
सहारनपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सहारनपुर जनपद के थाना मंडी क्षेत्र के खाता खेड़ी में प्रॉपर्टी विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान इरशाद के रूप में हुई है।
परिजनों का आरोप है कि इरशाद के दामाद जुबेर ने प्रॉपर्टी के विवाद को लेकर उसके साथ मारपीट की थी, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान इरशाद ने दम तोड़ दिया।
परिजनों के मुताबिक, जुबेर अक्सर घर में मारपीट करता था। कुछ दिन पहले भी प्रॉपर्टी को लेकर विवाद हुआ था और मारपीट की गई थी। घटना के दौरान इरशाद की बेटी भी घायल हुई, जिसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
परिजनों ने दामाद जुबेर पर हत्या का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। बताया जा रहा है कि आरोपी जुबेर ड्राइवर का काम करता है और उसके एक बेटी व तीन बेटे हैं। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।




