हरदोई पुलिस ने 20 मिनट में बरामद की किशोरी की चोरी हुई साइकिल, हिरासत में चोर
उप्र के हरदोई मेडिकल कॉलेज परिसर से चोरी हुई किशोरी की साइकिल पुलिस की तत्परता से महज 20 मिनट में बरामद कर ली गई।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई मेडिकल कॉलेज परिसर से चोरी हुई किशोरी की साइकिल पुलिस की तत्परता से महज 20 मिनट में बरामद कर ली गई। पुलिस ने साइकिल चोरी करने वाले युवक को भी पकड़ लिया। त्वरित कार्रवाई से साइकिल वापस मिलने पर किशोरी और उसके परिजनों ने राहत की सांस ली।
कोतवाली शहर क्षेत्र के आजाद नगर निवासी किशोरी ने सोमवार को दवा लेने हरदोई मेडिकल कॉलेज पहुंची थी। दवा लेने के बाद जब वह अपनी साइकिल खड़ी करने वाले स्थान पर पहुंची तो साइकिल गायब मिली।
काफी तलाश के बाद भी साइकिल का पता नहीं चला तो किशोरी मेडिकल कॉलेज परिसर में बने पुलिस सहायता केंद्र पहुंची और वहां तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस सहायता केंद्र पर तैनात सिपाही प्रेमवीर सिंह, चंद्रभान राजपूत और भावना चौबे ने सक्रियता दिखाते हुए आसपास के क्षेत्र में साइकिल की तलाश शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने करीब 20 मिनट के भीतर चोरी हुई साइकिल को बरामद कर लिया और आरोपी चोर को भी पकड़ लिया।
साइकिल वापस मिलने के बाद किशोरी और उसके परिजनों ने पुलिस का आभार जताया। वहीं, मेडिकल कॉलेज परिसर में पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई की लोगों ने सराहना की। पुलिस की इस कार्रवाई से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत मिली।




