डीह में ‘स्कूल चलो अभियान’ की शुरुआत, नामांकन बढ़ाने वाले शिक्षक सम्मानित
शैक्षिक सत्र 2026–27 में सर्वाधिक नामांकन कराने वाले विद्यालयों के शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
रायबरेली से महाताब खान की रिपोर्ट —
रायबरेली/जनमत न्यूज। जिले के डीह विकास खण्ड परिसर में गुरुवार को ‘स्कूल चलो अभियान’ का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सलोन विधायक अशोक कुमार कोरी एवं खण्ड शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे। दोनों ने हरी झंडी दिखाकर बच्चों को विद्यालय के लिए रवाना किया।
इस अवसर पर शैक्षिक सत्र 2026–27 में सर्वाधिक नामांकन कराने वाले विद्यालयों के शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों और विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया गया और सभी बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
विधायक अशोक कुमार कोरी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक ही बच्चों के भविष्य के निर्माता होते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य को पूरा करने के लिए ‘स्कूल चलो अभियान’ को प्रभावी ढंग से चलाया जा रहा है।
कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे और अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

Janmat News 
