पत्नी से नाराज युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा, घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस ने सुरक्षित उतारा
बनौली कला गांव निवासी सुरेश अपनी पत्नी को विदा कराने के लिए ससुराल गया था। पत्नी के घर लौटने से इनकार करने पर वह नाराज हो गया और गुस्से में आकर बबुरी चट्टी स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
चंदौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट —
चन्दौली/जनमत न्यूज। जनपद के मुगलसराय क्षेत्र के बबुरी थाना इलाके में सोमवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक पत्नी से नाराज होकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। कई घंटों तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बनौली कला गांव निवासी सुरेश अपनी पत्नी को विदा कराने के लिए ससुराल गया था। पत्नी के घर लौटने से इनकार करने पर वह नाराज हो गया और गुस्से में आकर बबुरी चट्टी स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। सूचना पाकर उत्तर प्रदेश पुलिस की बबुरी थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई और युवक को नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया।
अंधेरा होने के कारण बचाव अभियान में काफी दिक्कतें आईं। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने कई घंटों तक युवक को समझाने-बुझाने की कोशिश की। काफी प्रयासों के बाद युवक को सुरक्षित टावर से नीचे उतार लिया गया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
नीचे उतरने के बाद पुलिस युवक को अपने साथ थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Janmat News 
