प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का महराजगंज में ऐतिहासिक स्वागत, जेसीबी से पुष्पवर्षा और गगनभेदी नारों से गूंजा जनपद

इस भव्य स्वागत को देखकर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भावुक नजर आए। भाजपा जिला कार्यालय पहुंचने पर उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि पार्टी ने एक सामान्य कार्यकर्ता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है, इसके लिए वे केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हैं।

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का महराजगंज में ऐतिहासिक स्वागत, जेसीबी से पुष्पवर्षा और गगनभेदी नारों से गूंजा जनपद
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

महाराजगंज से नवीन मिश्रा की रिपोर्ट —

महराजगंज/जनमत न्यूज। नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के महराजगंज आगमन पर जिले भर में अभूतपूर्व उत्साह और उल्लास देखने को मिला। जनपद की सीमाओं से लेकर भाजपा जिला कार्यालय तक स्वागत का सिलसिला लगातार जारी रहा। जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जेसीबी मशीनों से पुष्पवर्षा कर, क्रेन से विशाल माला पहनाकर और गगनभेदी नारों के साथ प्रदेश अध्यक्ष का ऐतिहासिक स्वागत किया।

कतरारी और टोल प्लाजा सहित जिले के दर्जनों प्रमुख चौराहों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब जिले के राजनीतिक इतिहास का यादगार दृश्य बन गया। भाजपा के सभी विधायक, पदाधिकारी, हजारों कार्यकर्ता और समर्थक इस भव्य स्वागत समारोह में मौजूद रहे। चारों ओर “भारत माता की जय” और “पंकज चौधरी जिंदाबाद” के नारों से माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो उठा।

इस भव्य स्वागत को देखकर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भावुक नजर आए। भाजपा जिला कार्यालय पहुंचने पर उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि पार्टी ने एक सामान्य कार्यकर्ता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है, इसके लिए वे केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि जो जिम्मेदारी उन्हें दी गई है, उस पर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कहा कि भाजपा एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी। वहीं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को पहले यह तय कर लेना चाहिए कि पीडीए का असली मतलब क्या है, उसके बाद ही वे पीडीए की बात करें।

कुल मिलाकर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का यह स्वागत न केवल शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा गया, बल्कि इससे कार्यकर्ताओं में आगामी चुनावों को लेकर नया जोश और ऊर्जा भी देखने को मिली।