मथुरा की जमुना विहार कॉलोनी में सनसनी, पति ने दुपट्टे से गला घोंटकर की पत्नी की हत्या

उप्र के मथुरा जनपद के थाना जमुनापार क्षेत्र की जमुना विहार कॉलोनी में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात से सनसनी फैल गई।

मथुरा की जमुना विहार कॉलोनी में सनसनी, पति ने दुपट्टे से गला घोंटकर की पत्नी की हत्या
Published By- Diwaker Mishra

मथुरा से सैयद जाहिद की रिपोर्ट

मथुरा/जनमत न्यूज़। उप्र के मथुरा जनपद के थाना जमुनापार क्षेत्र की जमुना विहार कॉलोनी में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात से सनसनी फैल गई। यहां एक पति ने अपनी ही 35 वर्षीय पत्नी की दुपट्टे से गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, मृतका अपने पति के साथ जमुना विहार कॉलोनी में रहती थी। बताया जा रहा है कि मंगलवार को पति-पत्नी के बीच किसी घरेलू बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर पति ने पत्नी के ही दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया। महिला ने खुद को बचाने की कोशिश की लेकिन दम घुटने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और तुरंत थाना जमुनापार पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद का लग रहा है, हालांकि हत्या के पीछे के सही कारणों का अभी पता लगाया जा रहा है। पुलिस पति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।

वहीं इस घटना के बाद कॉलोनी में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता था। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही है।