मुजफ्फरनगर: शाहपुर में महिला की हत्या से सनसनी, पति पर लगा हत्या का आरोप

उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के थाना शाहपुर क्षेत्र के ग्राम तावली में रविवार सुबह एक महिला की हत्या की सूचना से हड़कंप मच गया।

मुजफ्फरनगर: शाहपुर में महिला की हत्या से सनसनी, पति पर लगा हत्या का आरोप
Published By- Diwaker Mishra

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के थाना शाहपुर क्षेत्र के ग्राम तावली में रविवार सुबह एक महिला की हत्या की सूचना से हड़कंप मच गया।

पुलिस के अनुसार, ग्राम तावली निवासी मोहसीना (36) पत्नी राशिद की उसके पति राशिद पुत्र अयूब द्वारा हत्या किए जाने की सूचना सुबह करीब 6:15 बजे पीआरवी-8553 के माध्यम से प्राप्त हुई।

सूचना मिलते ही शाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की। फॉरेंसिक टीम ने मौके से भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए, जिन्हें नियमानुसार सुरक्षित किया गया है।

पुलिस ने मृतका के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि घटना के प्रत्येक पहलू की गहनता से जांच की जा रही है और अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने घटना की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच, साक्ष्यों के आधार पर प्रभावी कार्रवाई और अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। घटना के अनावरण के लिए पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।