हरदोई: स्कूटी-बाइक की टक्कर के बाद दो पक्षों में जमकर मारपीट, वीडियो वायरल; 6 हिरासत में

उप्र के हरदोई जनपद में बाइक और स्कूटी की आमने-सामने की भिड़ंत के बाद दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इस मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

हरदोई: स्कूटी-बाइक की टक्कर के बाद दो पक्षों में जमकर मारपीट, वीडियो वायरल; 6 हिरासत में
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद में बाइक और स्कूटी की आमने-सामने की भिड़ंत के बाद दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इस मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के छह लोगों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने मामले में छेड़खानी की अफवाहों का खंडन किया है।

दो पक्षों में हो रही मारपीट का यह वायरल वीडियो  शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के चौक मोहल्ले में केनरा बैंक के पास का है। यहाँ मोहल्ला खेड़ाबीबीजेई निवासी विशाल अपनी बहन श्वेता के साथ मोटरसाइकिल से बाजार सामान खरीदने जा रहे थे। तभी केनरा बैंक के पास सामने से मोहल्ला हाता सुभान खाँ निवासी निसार और रिजवान अपनी स्कूटी से आ गए।

दोनों वाहनों में सीधी टक्कर हो गई,जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई और देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।सूचना मिलते ही शाहाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

पुलिस ने मौके से प्रथम पक्ष के 2 और द्वितीय पक्ष के 4 लोगों को हिरासत में ले लिया।प्रथम पक्ष का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उनकी तहरीर के आधार पर शाहाबाद थाने में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

घटना के बाद प्रथम पक्ष की कुछ महिलाएं शाहाबाद थाने और क्षेत्राधिकारी कार्यालय पहुंचीं और वाद-विवाद करने लगीं। इसी दौरान एक पक्ष की एक युवती अपने मोबाइल से वीडियो बनाने लगी।

ड्यूटी पर तैनात आरक्षी वीरेश कुमार ने सुरक्षा कारणों से वीडियो बनाने से मना किया और उसका मोबाइल ले लिया, जिससे कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई।सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और दावों पर पुलिस प्रशासन ने स्थिति साफ की है।

पुलिस जांच के अनुसार,यह पूरी तरह से सड़क दुर्घटना के बाद उपजा विवाद है मामले में छेड़खानी जैसी कोई भी घटना नहीं पाई गई है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।