अयोध्या में सियासी जुबानी जंग तेज, विकास और मानदेय पर सीएम योगी और सपा सांसद आमने-सामने
उप्र के अयोध्या जनपद के जीआईसी मैदान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी पर अयोध्या के विकास का विरोध करने का आरोप लगाया था।
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र के अयोध्या जनपद के जीआईसी मैदान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी पर अयोध्या के विकास का विरोध करने का आरोप लगाया था। इस पर पलटवार करते हुए अयोध्या से सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने सरकार पर जमकर निशाना साधा है।
मीडिया से बातचीत में अवधेश प्रसाद ने कहा कि अयोध्या का विकास और उसे मजबूती देने का काम अगर किसी ने किया है, तो वह नेताजी (मुलायम सिंह यादव) और अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी ने किया है. सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार की ओर से आज जो भी घोषणाएं या दावे किए जा रहे हैं, वे महज एक चुनावी स्टंट हैं।
आंगनबाड़ी मानदेय पर खड़े किए सवाल
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी बहनें और कर्मचारी सरकार के मानदेय से खुश नहीं हैं, क्योंकि मानदेय बढ़ाने के नाम पर सिर्फ बातें ही की गई हैं, जमीनी हकीकत कुछ और है। सपा सांसद ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी अगर 50 सीटें भी पा जाए, तो यह दुनिया का सबसे बड़ा अजूबा होगा.
उन्होंने स्पष्ट किया कि लोहिया भवन सभागार से अखिलेश यादव के नेतृत्व में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की सरकार बनाने और भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकने का शंखनाद कर दिया गया है।




