सीतापुर में अज्ञात युवक की सर कटी लाश मिलने से मचा हड़कंप, पुलिस कर रही जांच पड़ताल
खबर उप्र के सीतापुर जनपद से है जहाँ संदना थाना क्षेत्र में रविवार क़ो उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहर एक खेत में एक युवक का सिर कटा शव मिला।
सीतापुर से अनूप पाण्डेय की रिपोर्ट
सीतापुर/जनमत न्यूज़। खबर उप्र के सीतापुर जनपद से है जहाँ संदना थाना क्षेत्र में रविवार क़ो उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहर एक खेत में एक युवक का सिर कटा शव मिला। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
मामला संदना थाना क्षेत्र के पट्टी नेवादा गांव का है। गांव के बाहर देवरी खुर्द के निकट पट्टी नेवादा निवासी सूर्यबली के मूंगफली के खेत में एक अज्ञात युवक का खून से लथपथ सिर कटा शव पड़ा मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फॉरेंसिक टीम और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में युवक के कटे हुए सिर की तलाश कर रही है, ताकि घटना की पूरी कड़ी सामने आ सके।
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के थानों से गुमशुदा लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि हत्या के कारण और आरोपियों का पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है।


