फर्रुखाबाद में हाईवे किनारे युवक की गोली मारकर हत्या, दुकान पर चिप्स खरीदते समय हुई फायरिंग
उप्र के फर्रुखाबाद जनपद में रविवार रात करीब 9 बजे युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात नेशनल हाईवे पर पांचाल घाट के पास हुई।
फर्रुखाबाद से वरुण दुबे की रिपोर्ट
फर्रुखाबाद/जनमत न्यूज़। उप्र के फर्रुखाबाद जनपद में रविवार रात करीब 9 बजे युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात नेशनल हाईवे पर पांचाल घाट के पास हुई। युवक परिवार के साथ वाराणसी से दर्शन कर लौट रहा था। रास्ते में वह कोल्ड ड्रिंक और चिप्स लेने के लिए एक दुकान पर रुका था।
इसी दौरान कार से आए बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी। युवक को दो गोलियां लगीं। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर कादरी गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
फरीदाबाद के दयालपुर के रहने वाले 32 साल के अरुण शुक्रवार को अपनी पत्नी राखी और बच्चे के साथ कार से बनारस दर्शन करने गए थे। रविवार को वे दर्शन कर वापस लौट रहे थे। गंगा एक्सप्रेस-वे से वे हरदोई के सवायजपुर में एक्सप्रेस-वे के कट से उतरे।
इसके बाद वे शहर के पांचाल घाट पहुंचे। यहां ढाबे के पास एक किराना दुकान पर रुके और कोल्ड ड्रिंक, चिप्स और पानी की बोतल खरीदी। अरुण ने कोल्ड ड्रिंक खोलकर उसमें नमक डाला और अपनी पत्नी की ओर बढ़ा दिया। उनकी पत्नी और बच्चा भी गाड़ी से नीचे उतर आए थे।
इसी दौरान एक सफेद रंग की कार से आए बदमाशों ने अचानक फायरिंग कर दी। अरुण को दो गोलियां लगीं, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस, सीओ सिटी अभय वर्मा और अपर पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की।
अरुण के शव को लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मोर्चरी में रखवाया। पुलिस फिलहाल मृतक की पत्नी से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर अपने कब्जे में ले लिया है। वारदात के बाद घटनास्थल पर राहगीरों की भी भीड़ जमा हो गई।
एसपी आरती सिंह ने बताया- डायल 112 पर सूचना मिली कि किसी व्यक्ति की अज्ञात व्यक्तियों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई है। तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची। पता चला कि यह व्यक्ति शुक्रवार को अपने घर से बनारस जाने के लिए निकला था। आज यह वापस अपने घर फरीदाबाद जा रहा था।
कुछ सामान खरीदने के लिए यह लोग एक दुकान पर उतरे थे। वहां पर दो युवक द्वारा फायर किया गया। गोली लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। शव का पंचायत नामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प
रिजन से पूछताछ की जा रही है। पत्नी और एक बच्चा भी साथ में है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। टीमें लगा दी गई है। सीसीटीवी फुटेज में कुछ क्लू मिले हैं। जल्दी इस घटना का अनावरण किया जाएगा।


