रायबरेली में तीन तलाक का सनसनीखेज मामला, दहेज के लिए महिला से मारपीट; जान से मारने की धमकी

उप्र के रायबरेली जनपद से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां दहेज की भूख ने एक विवाहिता की जिंदगी तबाह कर दी।

रायबरेली में तीन तलाक का सनसनीखेज मामला, दहेज के लिए महिला से मारपीट; जान से मारने की धमकी
Published By- Diwaker Mishra

रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट

रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के रायबरेली जनपद से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां दहेज की भूख ने एक विवाहिता की जिंदगी तबाह कर दी। आरोप है कि पति ने पहले दहेज के लिए उत्पीड़न किया और फिर मायके पहुंचकर महिला को तीन तलाक दे दिया। मामला मिलएरिया थाना क्षेत्र का है।

पीड़िता महनाज़ के मुताबिक उसकी शादी 17 मई 2022 को इमरान उर्फ शनि पुत्र अबरार उर्फ कल्लू के साथ हुई थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद पति, ससुराल पक्ष के अन्य लोग बोलेरो गाड़ी और तीन लाख रुपये की अतिरिक्त दहेज मांगने लगे। मांग पूरी न होने पर महिला को लगातार प्रताड़ित किया गया।

पीड़िता का आरोप है कि 6 जनवरी 2025 को ससुराल वालों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की, गाली-गलौज की, जेवर और कपड़े छीन लिए और जान से मारने की धमकी देकर घर से निकाल दिया। इसके बाद महिला मायके में रहने को मजबूर हो गई।

आरोप है कि 3 जून 2025 को पति अपने परिजनों और चार अज्ञात लोगों के साथ चार पहिया वाहन से मायके पहुंचा और गाली-गलौज व मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान पति ने महिला को तलाक-तलाक-तलाककहकर तीन तलाक दे दिया और दोबारा लौटने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

पीड़िता ने बताया कि उसकी एक वर्षीय पुत्री भी है और तीन तलाक दिए जाने के बाद वह पूरी तरह बेसहारा हो गई है। महिला ने थाना मिलएरिया में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

अब बड़ा सवाल यह है कि क्या पीड़िता को इंसाफ मिलेगा या फिर कानून के डर के बिना ऐसे ही उजड़ती रहेंगी बेटियों की दुनिया?