फतेहपुर से भीम शंकर की रिपोर्ट —
फतेहपुर/जनमत न्यूज। राधानगर थाना क्षेत्र में पीसीएफ कर्मी के घर हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस और इंटेलिजेंस विंग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए जेवरात, नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, 6 मई को शिवपुरम कॉलोनी स्थित पीसीएफ कर्मी के घर चोरी की वारदात हुई थी। घटना के समय परिवार एक जनेऊ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए घर में रखे नकदी और कीमती जेवरात पर हाथ साफ कर दिया था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस और इंटेलिजेंस विंग की संयुक्त टीम ने लगातार निगरानी और मुखबिर की सूचना के आधार पर मिठनापुर ट्रैक के पास से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 6 हजार रुपये नकद, पायल, अंगूठी, बाली, चैन, बिछिया समेत कई कीमती जेवरात बरामद किए गए हैं। इसके अलावा पुलिस ने तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपी राधानगर क्षेत्र के निवासी हैं और इनके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेजा जा रहा है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।