लखनऊ एयरपोर्ट पर सऊदी से आए विमान के पहिए से उठी चिंगारी, हड़कंप मचा
सऊदी अरब के जेद्दा से हज यात्रा पूरी कर भारत लौट रहे 250 यात्रियों को लेकर आए फ्लाइट SV 3112 में लैंडिंग के बाद तकनीकी समस्या आ गई।...

लखनऊ/जनमत : सऊदी अरब के जेद्दा से हज यात्रा पूरी कर भारत लौट रहे 250 यात्रियों को लेकर आए फ्लाइट SV 3112 में लैंडिंग के बाद तकनीकी समस्या आ गई। रविवार सुबह करीब 6:30 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंडिंग के बाद विमान टैक्सी-वे पर बढ़ रहा था, तभी बाएं पहिए से धुआं और चिंगारी निकलती देखी गई।
पायलट ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचित किया। एयरपोर्ट की फायर ब्रिगेड टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फोम और पानी का छिड़काव किया। पूरी प्रक्रिया में करीब 20 मिनट का समय लगा और स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया।
गौरतलब है कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी प्रकार की चोट या जानमाल का नुकसान नहीं हुआ, हालांकि घटना के दौरान घबराहट का माहौल जरूर देखने को मिला।