हाथों में मेहंदी लगाए पूरी रात इंतज़ार करती रही दुल्हन, नही आई बारात 

लड़की के पिता ने कर्ज लेकर शादी की तैयारियाँ तो कर ली थीं, लेकिन अतिरिक्त दहेज देने में असमर्थता जताई। इसके बाद दहेजलोभियों ने बारात लाने से ही इनकार कर दिया।

हाथों में मेहंदी लगाए पूरी रात इंतज़ार करती रही दुल्हन, नही आई बारात 
REPORTED BY - ASHWANI PATHAK, PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

कन्नौज/जनमत न्यूज। दहेज प्रथा एक बार फिर एक परिवार की खुशियों पर भारी पड़ गई। कन्नौज जिले में एक हृदयविदारक मामला सामने आया है, जहां हाथों में मेहंदी लगाए दुल्हन पूरी रात दूल्हे और बारात का इंतजार करती रही, लेकिन दहेज लोभियों ने 5 लाख रुपये अतिरिक्त न मिलने पर बारात ही नहीं निकाली। इससे शादी की खुशियाँ मातम में बदल गईं।

जानकारी के अनुसार, एमपी के भिंड जिले के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत मझिला गांव में बारात पहुंचनी थी। लड़की पक्ष ने सभी तैयारियाँ पूरी कर ली थीं—घर में सजावट, रिश्तेदारों का जमावड़ा और दुल्हन के हाथों पर रची मेहंदी सब गवाह थे कि घर में खुशियों का माहौल है।

लेकिन जैसे ही पता चला कि दूल्हे का परिवार 5 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहा है, दुल्हन का परिवार अवाक रह गया। लड़की के पिता ने कर्ज लेकर शादी की तैयारियाँ तो कर ली थीं, लेकिन अतिरिक्त दहेज देने में असमर्थता जताई। इसके बाद दहेजलोभियों ने बारात लाने से ही इनकार कर दिया।

दूल्हा पक्ष द्वारा बारात न लाने का निर्णय सुनते ही दुल्हन बुरी तरह टूट गई। पूरी रात प्रतीक्षा करती रही, लेकिन बारात न आने से उसकी उम्मीदें और अरमान ध्वस्त हो गए। परिजनों के अनुसार, दुल्हन खबर सुनते ही जोर-जोर से रोने लगी।

लड़की के पिता ने बताया कि उन्होंने घर-खर्च और रिश्तेदारी निभाने के लिए कर्ज तक लिया, लेकिन अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी कर पाना संभव नहीं था। बारात न आने से पूरा परिवार सदमे में है।

घटना के बाद लड़की पक्ष ने दहेज मांगने और ठगी जैसा व्यवहार करने के आरोप में पुलिस थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और दहेज उत्पीड़न की धाराओं में कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

यह घटना एक बार फिर समाज में मौजूद दहेज प्रथा और उससे होने वाले उत्पीड़न का दर्दनाक रूप सामने लाती है। जहां एक ओर सरकार दहेज प्रथा रोकने के लिए अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर ऐसी घटनाएँ समाज के लिए शर्मसार करने वाली हैं।