पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में शिक्षकों के लिए विशेष निवेशक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

यह कार्यक्रम Awoke India द्वारा आयोजित किया गया, जो SEBI में पंजीकृत संस्था है और आम निवेशकों को सुरक्षित व सही निवेश निर्णय लेने के लिए मार्गदर्शन प्रदान करती है।

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में  शिक्षकों के लिए विशेष निवेशक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

लखनऊ से शैलेन्द्र शर्मा की रिपोर्ट —

लखनऊ / जनमत न्यूज। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, गोमतीनगर में शिक्षकों के लिए विशेष निवेशक जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को वित्तीय साक्षरता, बचत की आदतों तथा सुरक्षित निवेश के विभिन्न विकल्पों के प्रति जागरूक करना रहा।

यह कार्यक्रम Awoke India द्वारा आयोजित किया गया, जो SEBI में पंजीकृत संस्था है और आम निवेशकों को सुरक्षित व सही निवेश निर्णय लेने के लिए मार्गदर्शन प्रदान करती है।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में श्री प्रवीन द्विवेदी (संस्थापक एवं अध्यक्ष Awoke India) तथा प्रशिक्षक के रूप में श्री सुशील कुमार शुक्ला उपस्थित रहे। वहीं मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री संजीव कुमार अग्रवाल ने सहभागिता कर कार्यक्रम की सराहना की।

सत्र के दौरान विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को निवेश की बुनियादी समझ, बचत योजनाओं और दीर्घकालिक वित्तीय योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही डिजिटल माध्यमों में बढ़ते धोखाधड़ी के मामलों पर विशेष प्रकाश डालते हुए ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव, सुरक्षित डिजिटल लेन-देन और सतर्कता बरतने के महत्वपूर्ण उपाय बताए गए।

कार्यक्रम की खास बात यह रही कि शिक्षकों ने सक्रिय भागीदारी दिखाते हुए बचत, निवेश, भविष्य की आर्थिक सुरक्षा और सुरक्षित विकल्पों को लेकर खुलकर प्रश्न पूछे। विशेषज्ञों ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए व्यावहारिक सुझाव दिए।

इस अवसर पर प्रतिभागियों को SEBI App 2.0 के बारे में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से निवेश से जुड़ी प्रमाणिक जानकारी प्राप्त करना, शिकायत दर्ज करना, निवेश विकल्पों को समझना तथा निवेशक अधिकारों के प्रति जागरूक रहना आसान हो जाता है।

कार्यक्रम में यह संदेश दिया गया कि सही वित्तीय योजना, नियमित निवेश और जागरूक निर्णयों से भविष्य को सुरक्षित बनाया जा सकता है। डिजिटल युग में सतर्कता और जानकारी ही सबसे बड़ी सुरक्षा है।

कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण और सकारात्मक सहभागिता के साथ हुआ, जिसमें शिक्षकों ने वित्तीय जागरूकता को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।