एटा में कांग्रेसियों ने ED व CBI के विरोध में किया प्रदर्शन, भाजपा कार्यालय घेराव से पुलिस ने रोका
उप्र के एटा जनपद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के विरोध में प्रदर्शन किया।
एटा से नंद कुमार की रिपोर्ट
एटा/जनमत न्यूज़। उप्र के एटा जनपद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के विरोध में प्रदर्शन किया। वे भारतीय जनता पार्टी कार्यालय का घेराव करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। यह प्रदर्शन नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी को उच्च न्यायालय से मिली राहत के बाद किया गया।
कांग्रेस के शहर अध्यक्ष विनीत पाराशर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पूर्व राज्यसभा सांसद सत्या बहन के कार्यालय पर एकत्र होकर भाजपा कार्यालय की ओर पैदल मार्च शुरू किया। इस दौरान उन्होंने ईडी और सीबीआई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिस को सूचना मिलते ही भारी संख्या में बल मौके पर पहुंच गया और कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया।
कांग्रेसियों ने भाजपा पर कांग्रेस नेताओं की छवि खराब करने और ईडी तथा सीबीआई जैसी स्वतंत्र एजेंसियों का गलत तरीके से दुरुपयोग करने का गंभीर आरोप लगाया।
विनीत पाराशर ने बताया कि ईडी ने लगभग दस साल पहले नेशनल हेराल्ड मामले में मुकदमा दर्ज किया था, जिसका उद्देश्य केंद्र की मोदी सरकार और अमित शाह के निर्देश पर सोनिया गांधी और राहुल गांधी को फंसाना था। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय ने इस मुकदमे को खारिज कर दिया है।
प्रदर्शन में शहर अध्यक्ष विनीत पाराशर के अलावा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य ठाकुर अनिल सोलंकी, कांग्रेस पार्टी के सुनील एडवोकेट सहित दर्जनों कांग्रेसी कार्यकर्ता शामिल थे।


