छात्रों के आंदोलन को अयोध्या से मिला समर्थन, समाज सेवी संस्थान के अध्यक्ष ने सरकार से की अपील
दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के आंदोलन की गूंज अब उप्र के अयोध्या जनपद तक पहुंच गई है।
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के आंदोलन की गूंज अब उप्र के अयोध्या जनपद तक पहुंच गई है। समाज सेवी संस्थान अयोध्या धाम के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश यादव ने छात्रों के आंदोलन का खुलकर समर्थन करते हुए केंद्र सरकार से उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील किया।
अध्यक्ष सुरेश यादव ने कहा कि छात्र अपनी जायज मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन पुलिस द्वारा उन पर की गई कथित सख्ती और महिला छात्रों के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार की वह कड़ी निंदा करते हैं।
उन्होंने कहा कि किसी भी लोकतंत्र में अपनी बात रखने का अधिकार सभी नागरिकों को है और छात्रों की आवाज को बलपूर्वक दबाने के बजाय उनकी बात सुनी जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार पेपर लीक की घटनाओं ने देश के लाखों युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है।
उनका कहना था कि यदि छात्र केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं, तो सरकार को इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए, ताकि देश में शिक्षा व्यवस्था पर लोगों का भरोसा कायम रहे और माहौल शांतिपूर्ण बना रहे। सुरेश यादव ने कहा कि "देश के छात्र-छात्राएं ही भारत का भविष्य हैं।
सरकार का दायित्व है कि उनके भविष्य को सुरक्षित और मजबूत बनाए,न कि उनकी आवाज को दबाया जाए। यदि युवाओं की समस्याओं का समय रहते समाधान किया गया, तो देश विकास और उन्नति की नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।"
उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि छात्रों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर शिक्षा व्यवस्था में विश्वास बहाल किया जाए और आंदोलन का शांतिपूर्ण समाधान निकाला जाए।


