चंदौली: धान खरीद बंद होने से परेशान थे किसान, पूर्व सपा विधायक ने शुरू करा दी खरीद

उप्र के चंदौली जनपद में सीएम योगी के आदेश को जिले के ही अधिकारी ठेंगा दिखा रहे हैं। धान का कटोरा कहे जाने वाले जिले में अधिकारियों के मनमानी से किसान परेशान हैं।

चंदौली: धान खरीद बंद होने से परेशान थे किसान, पूर्व सपा विधायक ने शुरू करा दी खरीद
Published By- Diwaker Mishra

चंदौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट

चंदौली/जनमत न्यूज़। उप्र के चंदौली जनपद में सीएम योगी के आदेश को जिले के ही अधिकारी ठेंगा दिखा रहे हैं। धान का कटोरा कहे जाने वाले जिले में अधिकारियों के मनमानी से किसान परेशान हैं। निश्चित समय सीमा से पहले ही धान खरीद बंद होने से किसान परेशान हैं।

समाजवादी पार्टी ने मौके को भुनाते हुए किसानों कि समस्या को हाथो-हाथ लिया। सैयदराजा के पूर्व सपा विधायक मनोज सिंह डब्लू किसानों के साथ जिला मुख्यालय स्थित नवीन कृषि मंडी पहुंचे। खुद ट्रैक्टर से धान लेकर कई ट्रैक्टर के काफिले के साथ पूर्व सपा विधायक किसानों के साथ नवीन मंडी पहुंचे।

मौके पर मौजूद जिला खाद विपणन अधिकारी और अन्य कर्मचारियों से उनकी झड़प भी हुई। पूर्व सपा विधायक और किसानों के भारी दबाव के बीच दोबारा धान खरीद की कार्यवाई शुरू हुई। जिला खाद्य विपणन विभाग की मनमानी से किसानों में आक्रोश है।

बड़ी संख्या में किसान अपने धान को बेचने के लिए महीनों से विभाग और मंडी का चक्कर लगा रहे थे। जिले में आई तीन बार बाढ़ और मोथा तूफान से बड़े पैमाने पर धान की फसल को नुकसान हुआ था। बचे खुचे धान कि फसल बेचने को लेकर कई हफ्तों से जिले के किसान परेशान हैं।

सत्तारूढ़ पार्टी के विधायकों नेताओं की नहीं चली लेकिन पूर्व सपा विधायक ने धान खरीद फिर से शुरू करवा दिया। नवीन मंडी चंदौली मुख्यालय पर धान की खरीद शुरू हुई। इस दौरान मीडिया के सवालों से जिला खाद्य विपणन अधिकारी राघवेंद्र सिंह भागते नजर आए।

इस मौके पर पूर्व सपा विधायक मनोज सिंह डब्लू और सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर ने प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा प्रदेश और केंद्र की सरकार कॉर्पोरेट घरानो की गुलाम बन चुकी है। किसानों के साथ लगातार धोखा हो रहा है। किसानों के धान की खरीद के बिना सरकार द्वारा निर्धारित टारगेट आखिर कैसे हो गया पूरा।