पीलीभीत में 53 मतदाताओं के नाम विलोपन का मामला गरमाया, जांच में सभी लोग गांव में मौजूद, सपा नेताओं ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

पीलीभीत जिले की विधानसभा 127 के अंतर्गत ग्राम सभा भिकारीपुर से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि ग्राम रोहनिया निवासी धीरज (वोटर आईडी: SZK2348555) ने 53 लोगों के नाम से ऑनलाइन फॉर्म-7 भरकर उनके नाम मतदाता सूची से विलोपित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

पीलीभीत में 53 मतदाताओं के नाम विलोपन का मामला गरमाया, जांच में सभी लोग गांव में मौजूद, सपा नेताओं ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

पीलीभीत से प्रेमदेव पाठक की रिपोर्ट —

पीलीभीत/जनमत न्यूज: पीलीभीत जिले की अमरिया तहसील में मतदाता सूची से नाम हटाने को लेकर एक बड़ा मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव रोहनिया निवासी एक युवक द्वारा ऑनलाइन फॉर्म-7 भरकर 53 लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाने का प्रयास किया गया। मामले की जांच के दौरान सभी संबंधित लोग गांव में मौजूद पाए गए, जिसके बाद इस मुद्दे ने राजनीतिक रूप ले लिया है। समाजवादी पार्टी के नेताओं ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार मामला पीलीभीत जिले की विधानसभा 127 के अंतर्गत ग्राम सभा भिकारीपुर से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि ग्राम रोहनिया निवासी धीरज (वोटर आईडी: SZK2348555) ने 53 लोगों के नाम से ऑनलाइन फॉर्म-7 भरकर उनके नाम मतदाता सूची से विलोपित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि 9 मार्च 2026 को समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ सतेंद्र मौर्य, विधानसभा अध्यक्ष हाजी इम्तियाज अल्बी, प्रदेश सचिव समाजवादी अल्पसंख्यक सभा हाजी शीबू मलिक, जिला सचिव अदील मलिक और जिला महासचिव मोहम्मद फैज सहित अन्य नेताओं ने बूथ संख्या 233, ग्राम भिकारीपुर पहुंचकर मामले की जानकारी ली।

इस दौरान बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) द्वारा की गई जांच में सामने आया कि जिन 53 लोगों के नाम विलोपन के लिए फॉर्म-7 के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किए गए थे, वे सभी लोग गांव में स्थायी रूप से रह रहे हैं और मौके पर मौजूद भी पाए गए।

मौके पर ग्रामीणों से बातचीत करने पर उन्होंने बताया कि उनके नाम गलत तरीके से मतदाता सूची से हटाने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया गया है। ग्रामीणों ने इसे एक साजिश बताते हुए प्रशासन से दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव सतेंद्र मौर्य ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

सपा नेताओं ने इस संबंध में अमरिया के एसडीएम मयंक गोस्वामी को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।