अलीगढ़ से अजय कुमार की रिपोर्ट —
अलीगढ़/जनमत न्यूज : उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जनपद में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां हाईस्कूल की परीक्षा देने जा रहे एक छात्र को तेज रफ्तार डंफर ने कुचल दिया। इस हादसे में छात्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार दो अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने सड़क जाम कर हंगामा किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना थाना रोरावर क्षेत्र की है। रामनगर गांव निवासी छात्र सनी मंगलवार सुबह अपने दो दोस्तों के साथ बाइक पर सवार होकर हाईस्कूल की परीक्षा देने जा रहा था। बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी बाइक सारसौल चौराहे के पास पहुंची, उसी दौरान गलत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे एक डंफर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छात्र सनी डंफर के पहियों के नीचे आ गया और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। वहीं उसके साथ बाइक पर सवार दो अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद डंफर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और घायल छात्रों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिजन और सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया।
इस दौरान गुस्साए लोगों ने डंफर में पेट्रोल और डीजल डालकर आग लगाने का भी प्रयास किया। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। सूचना मिलने पर सीओ बन्नादेवी धनंजय सिंह समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ समय के लिए पुलिस और लोगों के बीच तीखी बहस और झड़प की स्थिति भी बन गई, जिससे इलाके में तनाव का माहौल पैदा हो गया।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों को आश्वासन दिया कि डंफर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद किसी तरह लोगों को शांत कराया गया और सड़क जाम खुलवाया गया।
मामले को लेकर मौके पर मौजूद सीओ धनंजय सिंह ने बताया कि 10 मार्च 2026 को थाना बन्नादेवी क्षेत्र के खैर बायपास स्थित महिंद्रा एजेंसी के सामने से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक तेज रफ्तार डंफर ने बाइक को टक्कर मार दी है। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, जहां दो लोग घायल अवस्था में पड़े हुए मिले, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि एक युवक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने मृतक छात्र के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। साथ ही डंफर को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया गया है। फिलहाल पीड़ित परिजनों से तहरीर का इंतजार किया जा रहा है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस द्वारा आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।