हरदोई में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं, अफवाहों से बचें: डीएम अनुनय झा
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे ऐसी भ्रामक खबरों और अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही उन्हें आगे प्रसारित करें।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट —
हरदोई/जनमत न्यूज: हरदोई जनपद में पेट्रोलियम पदार्थों की कमी को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों को जिला प्रशासन ने पूरी तरह से खारिज कर दिया है। जिलाधिकारी अनुनय झा ने स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिले में पेट्रोल और डीजल की किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है और आम जनता को घबराने की आवश्यकता नहीं है।
डीएम अनुनय झा ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले कुछ दिनों से कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से पेट्रोलियम पदार्थों की कमी को लेकर भ्रामक और निराधार सूचनाएं फैलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की अफवाहों का कोई आधार नहीं है और प्रशासन इनका खंडन करता है।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे ऐसी भ्रामक खबरों और अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही उन्हें आगे प्रसारित करें। उन्होंने कहा कि जिले में सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।
इसके साथ ही डीएम ने जिले के सभी पेट्रोल पंप डीलरों को निर्देश देते हुए कहा कि वे पेट्रोलियम पदार्थों का नियमित रूप से वितरण सुनिश्चित करें। साथ ही किसानों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए शासन के निर्देशों के अनुसार जरीकेन आदि में भी डीजल उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसानों को खेती-बाड़ी के कार्यों में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई भी की जा सकती है।

Janmat News 
