संभल में दर्दनाक सड़क हादसा, बालू लदे डंपर ने ऑटो को मारी टक्कर; 4 लोगों की मौत
उप्र के संभल जनपद में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। यहां तेज रफ्तार मोरंग-बालू लदे डंपर ने ऑटो को रौंद दिया। भीषण सड़क हादसे में ऑटो सवार 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
संभल से राम व्रेश यादव की रिपोर्ट
संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। यहां तेज रफ्तार मोरंग-बालू लदे डंपर ने ऑटो को रौंद दिया। भीषण सड़क हादसे में ऑटो सवार 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
घायलों को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर दोनों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। हादसे के बाद पुलिस ने सभी मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
पूरा मामला बहजोई कोतवाली क्षेत्र के मुरादाबाद-आगरा हाईवे का है, जहां गांव बबनेटा के पास यह दर्दनाक हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि ट्राई साइकिल सवार दिव्यांग को बचाने के प्रयास में ऑटो और तेज रफ्तार डंपर की भीषण भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया।
डॉक्टरों ने दोनों घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं, पुलिस ने चारों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिए हैं। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और डंपर चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
बहजोई थाना प्रभारी राजीव मलिक ने बताया की मोरंग बालू से लड़े डंपर ने एक दिव्यांग व्यक्ति को बचाने के चक्कर में ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दी है जिसमें चार व्यक्तियों की मौत हो चुकी है। चारों को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है और दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। उनका उपचार जारी है पुलिस अग्रिम जांच में जुटी हुई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद संभल में हुए सड़क हादसे का संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने मृतकों के शोक संतप्त परिजन के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार करवाने हेतु निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों से संवाद कर हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने हेतु निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
बहजोई सीएचसी के डॉक्टर सचिन वर्मा ने बताया कि अस्पताल में कुल चार लोगों को लाया गया था। इनमें दो बच्चे भी शामिल थे। बच्चों में ध्रुव नाम के एक लड़के की मौत हो चुकी है, जबकि घायल लड़की का इलाज जारी है। वहीं, एक अन्य व्यक्ति की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए संभल रेफर कर दिया गया है।




