चंदौली: बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे विधायक रमेश जायसवाल, वितरित की राहत सामग्री

उप्र के चंदौली जनपद में बाढ़ से प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं और उनकी मदद को लेकर मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने रविवार को क्षेत्र के विभिन्न बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया।

चंदौली: बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे विधायक रमेश जायसवाल, वितरित की राहत सामग्री
Published By- Diwaker Mishra

चंदौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट

चंदौली/जनमत न्यूज़। उप्र के चंदौली जनपद में बाढ़ से प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं और उनकी मदद को लेकर मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने रविवार को क्षेत्र के विभिन्न बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया।

उन्होंने नगही, नवाबपुर, दुदे, चनहटा और चुरमूली गांव पहुंचकर प्रभावित परिवारों का हाल जाना तथा जरूरतमंदों के बीच राहत सामग्री वितरित की। विधायक ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर बाढ़ से हुए नुकसान की जानकारी ली।

ग्रामीणों ने मकान गिरने, जलभराव, खाद्यान्न और अन्य जरूरी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं विधायक के सामने रखीं। विधायक ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस दौरान एडीएम, एसडीएम, तहसीलदार, कानूनगो, ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य दिलीप सोनकर, संजय पासवान सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

टूटे मकानों के पीड़ितों को जल्द मिले आवास

विधायक रमेश जायसवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ के कारण जिन ग्रामीणों के मकान क्षतिग्रस्त अथवा पूरी तरह गिर गए हैं, उनकी सूची तत्काल तैयार कराकर पात्र परिवारों को जल्द से जल्द आवास योजना का लाभ दिलाया जाए।

उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। प्रशासन संवेदनशीलता के साथ राहत और पुनर्वास का कार्य सुनिश्चित करे।

विधायक ने बताया कि इससे पूर्व आई बाढ़ के दौरान भी दुदे गांव के करीब 110 जरूरतमंद परिवारों को आवास दिलाने की कार्रवाई कराई गई थी। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद उनकी प्राथमिकता है।

क्षतिग्रस्त मकानों और फसलों समेत अन्य नुकसान का सर्वे कराकर पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। ग्रामीणों ने लगातार प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने पर विधायक का आभार जताया।