अयोध्या नाका चुंगी स्थित आबकारी विभाग के गोदाम में लगी भीषण आग, कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

उप्र के अयोध्या शहर के नाका चुंगी स्थित आबकारी विभाग के गोदाम परिसर में आज दोपहर अज्ञात कारणों से झाड़ियों में भीषण आग लग गई।

अयोध्या नाका चुंगी स्थित आबकारी विभाग के गोदाम में लगी भीषण आग, कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
Published By- Diwaker Mishra

अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट

अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र के अयोध्या शहर के नाका चुंगी स्थित आबकारी विभाग के गोदाम परिसर में आज दोपहर अज्ञात कारणों से झाड़ियों में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा।

गनीमत रही कि आग गोदाम के अंदर रखी शराब की खेप तक नहीं पहुंची, जिससे बड़ा हादसा टल गया। वहां पर मौजूद कर्मचारियो के मुताबिक, गोदाम परिसर की झाड़ियों से अचानक धुआं उठता देख वहां मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।

कर्मचारियों ने तत्काल जिला आबकारी अधिकारियों और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गईं। दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब एक घंटे की कोशिश के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।

वही जिला आबकारी अधिकारी सुरेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि नाका चुंगी में आबकारी विभाग के तीन गोदाम बने हैं। जिस परिसर में आग लगी, वहां लॉडर्स डिस्टलरी लिमिटेड CL 2 और रेडिको खैतान लिमिटेड का देशी शराब का गोदाम है। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे गोदाम और शराब का स्टॉक पूरी तरह सुरक्षित है।

सुरेश चंद्र मिश्रा ने कहा, "गोदाम परिसर की झाड़ियों में आग लगी थी। सूचना पर तुरंत दमकल की चार गाड़ियां लगाई गईं। अब स्थिति पूरी तरह सामान्य है। फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।