एटा: जवाहर तापीय पावर प्लांट के स्क्रैप यार्ड में लगी भीषण आग, समय रहते पाया गया काबू
उप्र के एटा जनपद के मलावन थाना क्षेत्र स्थित जवाहर तापीय विद्युत परियोजना परिसर में शुक्रवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई।
एटा से नंद कुमार की रिपोर्ट
एटा/जनमत न्यूज़। उप्र के एटा जनपद के मलावन थाना क्षेत्र स्थित जवाहर तापीय विद्युत परियोजना परिसर में शुक्रवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार निकलते देख तत्काल सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ के जवानों ने आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए।
चूंकि स्क्रैप यार्ड प्लांट में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जिससे पूरे परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गई। हालांकि सीआईएसएफ (CISF) की तत्परता और दमकल टीम की सूझबूझ से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे जवाहर तापीय पावर प्लांट के समीप स्थित स्क्रैप यार्ड में अचानक आग लग गई। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है, लेकिन आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।इस आग लगने की घटना में स्क्रब जल गया ।
घटना की सूचना मिलते ही मलावन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। वहीं सुरक्षा व्यवस्था में तैनात CISF की दमकल इकाई ने बिना समय गंवाए मोर्चा संभाल लिया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोकते हुए उस पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते की गई कार्रवाई के चलते आग प्लांट के अन्य हिस्सों तक नहीं पहुंच सकी।
घटनास्थल पर इंस्पेक्टर आर.के. सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे और हालात का जायजा लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हुए हैं। वहीं सीआईएसएफ की त्वरित कार्रवाई की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है, जिसने संभावित बड़े नुकसान को टाल दिया।


