लखीमपुर खीरी में गैस संकट पर बवाल, एजेंसी पर उपभोक्ताओं का हंगामा

कई उपभोक्ताओं को गैस डिलीवरी का मैसेज मिलने के बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिला। इससे नाराज लोगों ने एजेंसी पर विरोध प्रदर्शन किया।

लखीमपुर खीरी में गैस संकट पर बवाल, एजेंसी पर उपभोक्ताओं का हंगामा
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

लखीमपुर खीरी से लोकेन्द्र प्रताप की रिपोर्ट —

लखीमपुर खीरी/जनमत न्यूज। जनपद लखीमपुर खीरी में घरेलू गैस को लेकर भारी अव्यवस्था सामने आई है। शहर की श्री भगवान गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि सात दिनों से गैस सिलेंडर की आपूर्ति नहीं हो रही, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कई उपभोक्ताओं को गैस डिलीवरी का मैसेज मिलने के बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिला। इससे नाराज लोगों ने एजेंसी पर विरोध प्रदर्शन किया। बताया जा रहा है कि एजेंसी संचालक अतुल जायसवाल द्वारा गेट बंद कर दिए जाने से उपभोक्ताओं में आक्रोश और बढ़ गया, जिससे मौके पर विवाद की स्थिति बन गई।

गैस की कमी को लेकर कंपनी और प्रशासन के दावों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। जहां एक ओर अधिकारी और संबंधित कंपनियां गैस की कोई कमी न होने की बात कह रहे हैं, वहीं जमीनी हकीकत इससे अलग नजर आ रही है। जिले के कई गैस एजेंसियों पर लंबी-लंबी कतारें देखी जा रही हैं।

घरेलू गैस की आपूर्ति बाधित होने से लोगों के रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।