नवरात्रि पर प्रदेशवासियों को परिवहन निगम की सौगात, सड़कों पर दौड़ेंगी 200 नई ए.सी. बसें : दयाशंकर सिंह
सभी बसें अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित हैं। इनमें 2×2 सीटर आरामदायक रीक्लाइन सीटें उपलब्ध होंगी, जिससे यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में भी पूर्ण सुविधा और आराम मिलेगा।

लखनऊ/जनमत न्यूज। नवरात्रि पर्व पर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) प्रदेशवासियों के लिए बड़ा उपहार लेकर आया है। निगम द्वारा 200 नई ए.सी. बसें सेवा में शामिल की जा रही हैं, जो यात्रियों को आधुनिक और आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करेंगी।
परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दयाशंकर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि ये सभी बसें अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित हैं। इनमें 2×2 सीटर आरामदायक रीक्लाइन सीटें उपलब्ध होंगी, जिससे यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में भी पूर्ण सुविधा और आराम मिलेगा।
उन्होंने बताया कि बहुत जल्द ये सभी बसें प्रदेश की विभिन्न सड़कों पर दौड़ती नज़र आएंगी। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और आधुनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। परिवहन मंत्री ने कहा कि “माननीय मुख्यमंत्री जी की प्रेरणा से नवरात्रि के पावन अवसर पर प्रदेश की जनता को यह सौगात दी जा रही है। सरकार की मंशा है कि लोगों को बेहतर, सरल और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराई जाए।”
परिवहन मंत्री ने यह भी बताया कि वर्ष 2022 से अब तक 5000 से अधिक नई बसें निगम के बेड़े में शामिल की जा चुकी हैं। आज उत्तर प्रदेश परिवहन निगम का बेड़ा देश में सबसे युवा बेड़ा बन गया है, क्योंकि निगम की बसों की औसत आयु अन्य राज्यों के परिवहन निगमों की तुलना में सबसे कम है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री जी का विशेष धन्यवाद भी ज्ञापित किया।