प्रतापगढ़ में 1500 लंबित शस्त्र लाइसेंस की पत्रावलियां निरस्त, मानक और जरूरी प्रक्रिया थीं अधूरी

उप्र के प्रतापगढ़ जिले में लंबे समय से लंबित करीब 1500 शस्त्र लाइसेंस की पत्रावलियों को जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने निरस्त कर दिया है।

प्रतापगढ़ में 1500 लंबित शस्त्र लाइसेंस की पत्रावलियां निरस्त, मानक और जरूरी प्रक्रिया थीं अधूरी
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जिले में लंबे समय से लंबित करीब 1500 शस्त्र लाइसेंस की पत्रावलियों को जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने निरस्त कर दिया है।

समीक्षा और जांच के दौरान इन पत्रावलियों में शासन द्वारा निर्धारित मानक और जरूरी प्रक्रिया पूरी नहीं मिली। दस्तावेजों में कमियां मिलने के बाद प्रशासन ने यह कार्रवाई की है।

शस्त्र लाइसेंस के लिए आवेदक को निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद अपनी पत्रावली कलक्ट्रेट स्थित असलहा कार्यालय में जमा करनी होती है। इसके बाद संबंधित अधिकारियों द्वारा आवेदन और दस्तावेजों की जांच की जाती है। रिपोर्ट के आधार पर लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया आगे बढ़ती है।

जिले में बड़ी संख्या में शस्त्र लाइसेंस की पत्रावलियां लंबे समय से लंबित होने की जानकारी मिलने पर डीएम ने उनकी समीक्षा कराई। जांच में करीब 1500 आवेदकों की पत्रावलियों में शासन के निर्धारित मानक अधूरे पाए गए।

कई मामलों में जरूरी दस्तावेज और प्रक्रिया से जुड़ी कमियां भी सामने आईं। इन कमियों के चलते डीएम ने संबंधित लंबित पत्रावलियों को निरस्त करने का आदेश दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से लंबे समय से शस्त्र लाइसेंस का इंतजार कर रहे करीब 1500 आवेदकों को झटका लगा है।

दोबारा पूरी करनी होगी प्रक्रिया

जिन आवेदकों की पत्रावलियां निरस्त हुई हैं, उन्हें अब शस्त्र लाइसेंस के लिए नए सिरे से आवेदन करना होगा। इसके लिए निर्धारित मानकों को पूरा करने के साथ जरूरी दस्तावेज और अन्य औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। प्रशासन का कहना है कि लंबित पत्रावलियों के निस्तारण और प्रक्रिया को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है।