लखीमपुर खीरी: चार घंटे की मूसलाधार बारिश से नगर हुआ जलमग्न, बदहाल सफाई व्यवस्था पर लोगों में रोष
उप्र के लखीमपुर-खीरी जिले के पलिया तहसील क्षेत्र में तड़के सुबह से हुई लगभग चार घंटे की मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर नगर पालिका के जल निकासी के दावों की पोल खोलकर रख दी है।
लखीमपुर खीरी से लोकेंद्र प्रताप सिंह की रिपोर्ट
लखीमपुर खीरी/जनमत न्यूज़। उप्र के लखीमपुर-खीरी जिले के पलिया तहसील क्षेत्र में तड़के सुबह से हुई लगभग चार घंटे की मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर नगर पालिका के जल निकासी के दावों की पोल खोलकर रख दी है।
समुचित जल निकासी की व्यवस्था न होने के कारण पलिया नगर पूरी तरह जलमग्न हो गया, जिससे स्थानीय निवासियों में जिम्मेदार अधिकारियों और प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
वहीं कुछ इलाकों में निचले स्तरों पर पानी भरने से तालाब का रूप ले लिया है जहां हर वक्त कोई न कोई हादसा होने का खतरा नजर आ रहा है। बारिश के बाद नगर के मोहल्ला रंगरेजान, इकराम नगर, महीगिरान सहित मुख्य मार्गों और प्रमुख चौराहों पर जलभराव की गंभीर स्थिति पैदा हो गई है।
नाले और नालियों की समय पर सफाई न कराए जाने की वजह से नालियों का गंदा पानी उफनकर सड़कों और गलियों में आ गया। गंदे पानी के बीच से गुजरने को मजबूर स्थानीय लोगों और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि मानसून और बारिश से पहले नगर पालिका प्रशासन द्वारा किए गए जल निकासी और नाला सफाई के तमाम दावे ज़मीनी स्तर पर पूरी तरह खोखले साबित हुए हैं।
स्थिति यह है कि हल्की सी बारिश में भी पूरा नगर टापू में तब्दील हो जाता है और लोगों के घरों के बाहर जलभराव हो जाता है। आक्रोशित नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से तत्काल प्रभाव से जल निकासी कराने और नालों की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।




