कांवड़ यात्रा-2026: मुजफ्फरनगर एसपी सिटी ने कांवड़ मार्ग व गंग नहर क्षेत्र का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश
उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने लगातार हो रही वर्षा के बीच जनपद के प्रमुख कांवड़ मार्गों और खतौली गंग नहर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुगम और दुर्घटनामुक्त संपन्न कराने के उद्देश्य से उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने लगातार हो रही वर्षा के बीच जनपद के प्रमुख कांवड़ मार्गों और खतौली गंग नहर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने बैरिकेडिंग, डायवर्जन व्यवस्था, सांकेतिक संकेतक, रिफ्लेक्टर, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, कंट्रोल प्वाइंट, सहायता शिविर, पुलिस पिकेट, पार्किंग स्थल और आपातकालीन रिस्पांस व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
इसके बाद एसपी सिटी ने खतौली गंग नहर क्षेत्र का निरीक्षण कर नहर के जलस्तर और जल पुलिस की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने वॉच टावर से क्षेत्र की लगातार निगरानी रखने, जलस्तर पर विशेष नजर बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल रेस्क्यू एवं राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
एसपी सिटी अमृत जैन ने अधिकारियों से कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन और संवेदनशील स्थलों की निगरानी सर्वोच्च प्राथमिकता रहे।
उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को पूर्ण सतर्कता, समन्वय और प्रतिबद्धता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक शिवभक्त का सुरक्षित और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करना पुलिस का प्रमुख लक्ष्य है।


