SRH के लिए सबसे ज्यादा POTM अवॉर्ड जीतने वाले खिलाड़ी बने अभिषेक शर्मा, इस दिग्गज को पछाड़ा

सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का बल्ला जब भी चलता है, गेंदबाजों की शामत आ जाती है और रिकॉर्ड बुक भी अपडेट हो जाती है।

SRH के लिए सबसे ज्यादा POTM अवॉर्ड जीतने वाले खिलाड़ी बने अभिषेक शर्मा, इस दिग्गज को पछाड़ा
Published By- Diwaker Mishra

हैदराबाद/जनमत न्यूज़। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का बल्ला जब भी चलता है, गेंदबाजों की शामत आ जाती है और रिकॉर्ड बुक भी अपडेट हो जाती है।

आईपीएल 2026 में मंगलवार को हैदराबाद में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ खेलते हुए सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के इस ओपनर ने विस्फोटक शतक लगाया और टीम के लिए सबसे ज्यादा 'प्लेयर ऑफ द मैच' (POTM) अवॉर्ड जीतने वाले खिलाड़ी बन गए।

अभिषेक ने खेली विस्फोटक पारी

अभिषेक शर्मा SRH की तरफ से पारी की शुरुआत करने आए थे। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 68 गेंदों पर 10 चौकों और 10 छक्कों की मदद से नाबाद 135 रन की पारी खेली। इस पारी की बदौलत SRH ने दो विकेट पर 242 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। SRH के गेंदबाजों ने 195 रन पर दिल्ली कैपिटल्स को रोककर 47 रन से मैच जीत लिया।

अभिषेक को सातवीं बार POTM अवॉर्ड

SRH की जीत के बाद अभिषेक शर्मा को 'प्लेयर ऑफ द मैच' का खिताब दिया गया। इस टीम के लिए खेलते हुए 81वें मैच में उन्होंने सातवीं बार 'प्लेयर ऑफ द मैच' का खिताब जीता। अभिषेक अब SRH के लिए इस खिताब को सर्वाधिक बार जीतने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने टीम के पूर्व तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को पीछे छोड़ा।

भुवनेश्वर ने छह बार जीता अवॉर्ड

आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का हिस्सा बने भुवनेश्वर कुमार 2014 से 2024 तक SRH का हिस्सा थे, और टीम के लिए सर्वाधिक मैच खेलने वाले खिलाड़ियों में उनका नाम शामिल है। भुवनेश्वर ने SRH के लिए 145 मैच खेले और इस दौरान छह बार 'प्लेयर ऑफ द मैच' अवॉर्ड जीता था।

अभिषेक का SRH के लिए दूसरा शतक

SRH के लिए खेलते हुए अभिषेक का यह दूसरा शतक था। टीम के लिए दो शतक लगाने वाले डेविड वॉर्नर और हेनरिक क्लासेन के बाद वह तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। आईपीएल 2025 में अभिषेक ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 55 गेंदों पर 10 छक्कों और 14 चौकों की मदद से 141 रन की पारी खेली थी।

गेल-फिंच को पीछे छोड़ा

टी20 क्रिकेट में अभिषेक शर्मा ने एक ऐसा कीर्तिमान स्थापित कर लिया है जिसने दिग्गज बल्लेबाजों को भी पीछे छोड़ दिया है। सर्वाधिक बार टी20 की एक ही पारी में 130 से अधिक रन बनाने का कारनामा उन्होंने अब तक चार बार कर दिखाया है, जो उनसे ज्यादा बार कोई नहीं कर सका है।

इस मामले में उन्होंने टी20 के महानतम खिलाड़ियों, क्रिस गेल और एरॉन फिंच को भी पछाड़ दिया है, जिन्होंने नाम तीन-तीन बार एक पारी में 130+ स्कोर बनाए हैं। इतना ही नहीं, अभिषेक ने टी20 क्रिकेट में 350 छक्के भी पूरे कर लिए हैं।