अयोध्या: बड़े भाई पर पुश्तैनी ज़मीन धोखे से लिखवाने का आरोप, बीमार पिता की स्थिति का उठाया फायदा
उप्र के अयोध्या जिले के तारुन थाना क्षेत्र में पुश्तैनी जमीन का मामला सामने आया है। बीकापुर तहसील के ग्राम हरीपुर निवासी मंशाराम निषाद ने अपने छोटे भाई आशाराम पर पैतृक संपत्ति धोखे से हड़पने का आरोप लगाया है।
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र के अयोध्या जिले के तारुन थाना क्षेत्र में पुश्तैनी जमीन का मामला सामने आया है। बीकापुर तहसील के ग्राम हरीपुर निवासी मंशाराम निषाद ने अपने छोटे भाई आशाराम पर पैतृक संपत्ति धोखे से हड़पने का आरोप लगाया है।
इस मामले में उनके 72 वर्षीय बीमार और शराब के आदी पिता भुल्लन निषाद भी शामिल हैं, जिनकी स्थिति का फायदा उठाने का आरोप है। मंशाराम के अनुसार, यह घटना 3 मई 2025 को हुई।
आशाराम कथित तौर पर पिता भुल्लन निषाद को बीमारी का इलाज कराने के बहाने ले गया और उनकी पुश्तैनी जमीन अपने नाम रजिस्ट्री करवा ली। आरोप है कि उन्हें इस धोखाधड़ी का पता तब चला जब जमीन का दाखिल खारिज हो गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि आशाराम ने पिता की उम्र और अशिक्षित होने का फायदा उठाया और पेंशन बनवाने के नाम पर जमीन अपने नाम करवा ली। छोटे भाई आशाराम पर बड़े भाई मंशाराम और उनके एक अन्य छोटे भाई को खेत में जाने से रोकने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
इस पूरे प्रकरण से पीड़ित मंशाराम ने जिला अधिकारी, मुख्यमंत्री, आयुक्त अयोध्या मंडल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और उपजिलाधिकारी बीकापुर से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने अपनी जान-माल की रक्षा, हड़पी गई जमीन वापस दिलाने और आशाराम के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। छोटा भाई आशाराम निषाद,निषाद समाज पार्टी का जिला अध्यक्ष भी बताया जा रहा है।

Janmat News 
