बलरामपुर: मूर्ति विसर्जन कर लौट रही पिकअप अनियंत्रित होकर खाई में पलटी, हादसे में 13 श्रद्धालु घायल

उप्र के बलरामपुर जिले के गैसड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत बलरामपुर बढनी राजमार्ग पर मूर्ति विसर्जन कर लौट रही श्रद्धालुओं से भरी पिकअप जीप अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे में 13 श्रद्धालु घायल हो गए।

बलरामपुर: मूर्ति विसर्जन कर लौट रही पिकअप अनियंत्रित होकर खाई में पलटी, हादसे में 13 श्रद्धालु घायल
Published By- Diwaker Mishra

बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट 

बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर जिले के गैसड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत बलरामपुर बढनी राजमार्ग पर मूर्ति विसर्जन कर लौट रही श्रद्धालुओं से भरी पिकअप जीप अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे में 13 श्रद्धालु घायल हो गए।

घायलों में 9 की हालत गम्भीर है जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में 3 बच्चे भी शामिल है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को मौके पर भेज कर सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए है।

पुलिस ने बताया कि मंगलवार की देर रात गैसडी थाना क्षेत्र के खरदौरा गांव के लोग मूर्ति विसर्जन कर लौट रहे थे तभी गैसडी थाना के पास पिकप जीप अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। दुर्घटना होते ही अफरा तफरी मच गई।

उन्होंने बताया कि घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में राम सागर (18), अमर (15), दुर्गेश विश्वकर्मा (27), बरसाती (27), अंकुश (14), राजन (19), उमेश (18), सिद्धार्थ (10), मनोज (37) को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां सिद्धार्थ एवं मनोज, दुर्गेश की हालत नाजुक देखते हुए बहराइच मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया है।

जिलाधिकारी विपिन जैन ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही अधिकारियों को भेजा गया है तथा  उनके बेहतर इलाज के लिए निर्देश दिए गए है । उन्होंने बताया कि घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। 

उन्होंने बताया कि घायलों के इलाज के लिए प्रधानमंत्री सहायता से मरीजों के इलाज के भी निर्देश दिए गए है। अपर जिलाधिकारी संदीप केला ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक राकेश यादव ने घायलों से मुलाकात की एवं सरकार से घायलों को दो दो लाख रुपए सहायता देने की मांग की है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं न होने पाए इसके लिए जरूरी दिशा निर्देश दिए जाये।