हरदोई में घर के अंदर घुसा मगरमच्छ, वन विभाग ने घंटों की मशक्कत के बाद पकड़ा
उप्र के हरदोई जनपद के पचदेवरा थाना क्षेत्र के ख्वाजगीपुर गांव में मगरमच्छ की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया और मगरमच्छ तालाब से निकलकर सीधे घर में जा घुसा।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद के पचदेवरा थाना क्षेत्र के ख्वाजगीपुर गांव में मगरमच्छ की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया और मगरमच्छ तालाब से निकलकर सीधे घर में जा घुसा।
सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर उसको कड़ी मशक्कत के बाद पकड़ा। बीते रविवार को गांव के तालाब किनारे मगरमच्छ दिखाई देने पर ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी थी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छ की तलाश शुरू कर दी थी। तालाब में अत्यधिक जलकुंभी होने से मगरमच्छ नहीं पकड़ा जा सका था।
तालाब किनारे दिखा मगरमच्छ
सोमवार देर रात एक बार फिर दिखाई दिया इस बार वह तालाब से निकलकर गांव निवासी बेचेलाल के घर में बने बरामदे में घुस गया जिससे अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से कई घंटे की मशक्कत के बाद जाल की सहायता से मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया।मगरमच्छ के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
फोन पर रेंजर गिरीश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि पकड़े गए मगरमच्छ को सुरक्षित स्थान पर आबादी से दूर बड़ी नदी में छोड़ा जाएगा, ताकि किसी प्रकार की जनहानि या खतरे की आशंका न रहे।


