अयोध्या: छात्रों के समर्थन में सपा की प्रेस वार्ता, शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे की मांग
दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव बृजेश सिंह चौहान ने उप्र के अयोध्या जनपद में प्रेस वार्ता कर केंद्र सरकार पर निशाना साधा।
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव बृजेश सिंह चौहान ने उप्र के अयोध्या जनपद में प्रेस वार्ता कर केंद्र सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने छात्रों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी मांगों को शांतिपूर्ण ढंग से रखने वाले छात्रों पर बल प्रयोग किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।
बृजेश सिंह चौहान ने कहा कि छात्र अपनी जायज मांगों को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन सरकार ने उनकी समस्याओं का समाधान करने और उनकी बात सुनने के बजाय उन पर कथित रूप से बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज कराया, जिसकी समाजवादी पार्टी घोर निंदा करती है।
उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए था, न कि दमनात्मक कार्रवाई का रास्ता अपनाना चाहिए था।
उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों की आवाज को दबाने का प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। समाजवादी पार्टी छात्रों के संघर्ष और उनकी मांगों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।
बृजेश सिंह चौहान ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े सवालों पर केंद्र सरकार को जवाब देना चाहिए और नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि छात्रों के हितों की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है और उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाना चाहिए। समाजवादी पार्टी आगे भी छात्रों के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी रहेगी।


