यमुना एक्सप्रेसवे पर बस बनी आग का गोला, माइलस्टोन 64 पर मची अफरा-तफरी; यात्रियों ने कूदकर बचाई जान
यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। आगरा से नोएडा की ओर जा रही एक निजी बस में माइलस्टोन 64 (बाजना कट) के समीप अचानक भीषण आग लग गई।
मथुरा से सैयद जाहिद की रिपोर्ट
बाजना (मथुरा)/जनमत न्यूज़। यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। आगरा से नोएडा की ओर जा रही एक निजी बस में माइलस्टोन 64 (बाजना कट) के समीप अचानक भीषण आग लग गई।
देखते ही देखते बस आग का गोला बन गई, लेकिन समय रहते चालक की सूझबूझ और यात्रियों की फुर्ती से बस में सवार सभी 48 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस जब माइलस्टोन 64 के पास पहुंची, तभी इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा। इसे देख यात्रियों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट था।
चंद मिनटों में ही आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत यह रही कि आग विकराल रूप लेती, उससे पहले ही सभी सवारी नीचे उतर चुकी थीं।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एक्सप्रेसवे की बचाव टीम मौके पर पहुंच गई। दमकल की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, हालांकि तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
यात्रियों ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें अपना सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला। फिलहाल, प्रशासन ने सभी यात्रियों के लिए वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था कर उन्हें गंतव्य की ओर रवाना कर दिया है।

Janmat News 
