बलरामपुर को 75 परियोजनाओं की सौगात, सीएम योगी बोले- यूपी को बर्बाद करने वाले सुअरों को किया तबाह
उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर बलरामपुर पहुंचे, जहां उन्होंने गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए जिले को 293.95 करोड़ रुपए की 75 विकास परियोजनाओं की सौगात दी।
बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट
बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर बलरामपुर पहुंचे, जहां उन्होंने गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए जिले को 293.95 करोड़ रुपए की 75 विकास परियोजनाओं की सौगात दी।
इनमें 37 परियोजनाओं का शिलान्यास और 38 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए और बच्चों को गोद में लेकर अपने हाथों से खीर खिलाई।
जनसभा में मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों का उल्लेख करने के साथ ही विपक्ष और माफिया तत्वों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को यह तय करना होगा कि उसे विकास चाहिए या माफियावाद। उन्होंने कहा, "अगर माफिया को चुनोगे तो वह आपका खून भी चूस लेगा, विकास का पैसा भी खा जाएगा और आपकी संपत्तियों पर भी कब्जा कर लेगा।"
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि कुछ लोग पहले चूहों की तरह बिदकते थे और बाद में सूअर बनकर पूरे प्रदेश को तबाह करने लगे थे। ऐसे तत्वों को कानून के दायरे में लाकर समाप्त करने का काम सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब दंगा मुक्त और गुंडा मुक्त प्रदेश के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
विश्व पर्यावरण दिवस का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दिन हमें प्रकृति संरक्षण का संदेश देता है। उन्होंने कहा, "जल है तो कल है और वन है तो जीवन है। यदि हम जल स्रोतों को प्रदूषित करेंगे तो उसका दुष्परिणाम भी हमें ही भुगतना पड़ेगा।" उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभाने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बलरामपुर में विकास की नई तस्वीर दिखाई दे रही है। यहां बिजली, पानी, सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं में लगातार सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि जिले में मेडिकल कॉलेज, विश्वविद्यालय और थारू संग्रहालय जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं साकार हुई हैं।
वर्षों से लंबित मथुरा घाट पुल की मांग भी अब पूरी हो रही है। इसके साथ ही सड़कों का चौड़ीकरण, बाढ़ नियंत्रण, बांधों की मरम्मत और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार पर तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले गरीबों के हिस्से का राशन बीच में ही गायब हो जाता था। गरीबों को उनका हक नहीं मिल पाता था।
लेकिन आज सरकार ने पारदर्शी व्यवस्था लागू कर प्रत्येक पात्र परिवार तक निशुल्क राशन पहुंचाने का काम किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों को पक्के मकान दिए जा रहे हैं और शौचालय निर्माण के माध्यम से सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के विकास के लिए कार्य कर रही है। युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि प्रदेश में यदि कोई बेटी को छेड़ने या व्यापारियों की सुरक्षा में सेंध लगाने का प्रयास करेगा तो उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक समय था जब उत्तर प्रदेश के लोगों को दूसरे राज्यों में सम्मान की दृष्टि से नहीं देखा जाता था, लेकिन आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है।
अब प्रदेश की पहचान सुरक्षा, सुशासन, निवेश, पर्यटन और विकास के मॉडल के रूप में हो रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश के सबसे युवा राज्यों में से एक है और सरकार युवाओं की ऊर्जा को विकास की ताकत में बदलने का काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "सबका साथ, सबका विकास" मंत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग और विश्वास के कारण ही प्रदेश में विकास और सुशासन का यह मॉडल स्थापित हो सका है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही। इस दौरान जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के कर्मचारी भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था को लेकर किए गए दावों पर समर्थकों ने जोरदार तालियों से उनका स्वागत किया।

Janmat News 
