राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक जारी, चंपत राय और अनिल मिश्रा का इस्तीफ़ा मंजूर

श्रीराम जन्मभूमि परिसर के मंदिरों से चढ़ावा चोरी प्रकरण में आठ लोगों की गिरफ्तारी और ट्रस्टियों पर गंभीर आरोपों के बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक प्रारंभ हो गई है।

राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक जारी, चंपत राय और अनिल मिश्रा का इस्तीफ़ा मंजूर
Published By- Diwaker Mishra

लखनऊ/अयोध्या/जनमत न्यूज़। श्रीराम जन्मभूमि परिसर के मंदिरों से चढ़ावा चोरी प्रकरण में आठ लोगों की गिरफ्तारी और ट्रस्टियों पर गंभीर आरोपों के बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक प्रारंभ हो गई है।

बैठक की अध्यक्षता महंत नृत्य गोपाल दास कर रहे हैं। सूत्रों से जानकारी मिली है कि चंपत राय और अनिल मिश्रा का इस्तीफा मंजूर कर लिया गया है। बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय होने के संकेत मिले हैं।

बैठक में महासचिव और एक अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी के इस्तीफों पर चर्चा और फैसला हो सकता है। ट्रस्ट की बैठक में सभी पदाधिकारी और सदस्य बैठक में पहुंचे और बैठक शुरू हो गई है। ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ हैं, इसके बावजूद बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं।

उन्होंने आज इस प्रकरण में एक पत्र भी जारी किया जिसमें घटना पर दु:ख जताया है, साथ ही प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री पर विश्वास जताते हुए कहा है कि जो भी इस घटना से जुड़ा है उसे कड़ी सजा मिलेगी।

गोविंद देव गिरी ने रखा मीटिंग का एजेंडा

कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरी ने चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर विचार का प्रस्ताव रखा है। ट्रस्ट में कुल 15 सदस्य हैं जिनमें राजा अयोध्या विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र के निधन के कारण एक पद रिक्त है।

चंपतराय और अनिल मिश्रा बैठक से बाहर

ट्रस्ट की बैठक से चंपत राय, डॉ. अनिल मिश्रा व गोपाल राव बाहर हैं। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में इस्तीफा दे चुके चंपतराय और अनिल मिश्रा नहीं आए।

बताया जा रहा है कि कुछ ट्रस्टियों ने शर्त रखी थी कि मीटिंग तभी होगी जब ये लोग बाहर होंगे। सदस्यों के दबाव के बाद चंपत राय बैठक में शामिल नहीं हुए हैं। अनिल मिश्रा भी बैठक में मौजूद नहीं हैं। राम मंदिर चढ़ावा चोरी और गबन विवाद के बीच ट्रस्ट की यह बैठक बेहद अहम मानी जा रही है।

बैठक का प्रमुख एजेंडा

इस बैठक का प्रमुख एजेंडा ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय व सदस्य डा. अनिल कुमार मिश्र के त्यागपत्र पर विचार का है। बैठक में इस पर आज कोई निर्णय लिया जाएगा। चंपत राय भी राम मंदिर परिसर पहुंच गए हैं।

बैठक में शामिल होने के लिए ट्रस्टी जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती, युगपुरुष स्वामी परमानंद व कृष्णमोहन व कोषाध्यक्ष गोविंददेव गिरि पहुंच गए हैं। नृपेंद्र मिश्र और वरिष्ठ अधिवक्ता ट्रस्टी के पारासरन वर्चुअल रूप से बैठक में हिस्सा लेने की सूचना है।

संजय प्रसाद वीसी के माध्यम से बैठक में जुड़े

यूपी सरकार के अपर प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद वीसी के माध्यम से बैठक में जुड़े हैं। एसआईटी ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट संजय प्रसाद को ही सौंपी थी। संजय प्रसाद राम मंदिर ट्रस्ट के पदेन सदस्य हैं और इस बात की संभावना है कि एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट पर भी चर्चा होगी।

पांच जून को पहली बार चोरी का प्रकरण सामने आने के बाद 13 जून को एसआईटी का गठन और फिर प्रारंभिक जांच के बाद अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।